चित्रकूट। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत ब्लॉक चिकित्सा इकाईयों में 567 ऐसे परिवार चिह्नित किए गए, जिन्होंने अपने बच्चों का टीकाकरण कराने से मना कर दिया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन्हें जागरूक कर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करने में जुटी हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भूपेश द्विवेदी ने बताया कि जनपद वित्तीय वर्ष 2025-26 में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में कई ऐसे परिवार प्रत्येक ब्लॉक में चिह्नित हैं, जो टीकाकरण के प्रति झिझक या अपने बच्चों को टीकाकरण कराने से इनकार की श्रेणी में रखे गए हैं, जिसमें ब्लॉकवार टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों के बच्चों में ब्लॉक चिकित्सा इकाई शिवरामपुर में 125, ब्लॉक चिकित्सा इकाई रामनगर में 100, ब्लॉक चिकित्सा इकाई मानिकपुर में 125 एवं ब्लॉक चिकित्सा इकाई मऊ में 83, ब्लॉक चिकित्सा इकाई पहाड़ी में 70 एवं शहरी पीएचसी कर्वी मुख्यालय में 64 बच्चों की संख्या है।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवारों का काफी सहयोग स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो रहा है। इस दौरान अगस्त 2025 में लक्षित परिवारों के सापेक्ष 49 प्रतिशत एवं सितम्बर में 61 प्रतिशत परिवार व अक्तूबर में 54 प्रतिशत परिवारों ने अपने बच्चों का टीकाकरण कराया। जबकि माह अक्तूबर में ऐसे परिवारों के बच्चे जिनकी संख्या 168 है जो अभी भी टीकाकरण कराए जाने से इंकार की श्रेणी में प्रत्येक ब्लॉक में मौजूद हैं। स्वास्थ्य विभाग अपने पूरे प्रयास एवं जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग व सहयोगी संस्था डब्लूएचओ, यूनीसेफ, जेएसआई, टीएसयू के तकनीकी सहयोग से टीकाकरण से इनकार करने वाले परिवारों को मुख्यधारा में लाये जाने के लिए प्रयासरत हैं।