साप्ताहिक योग शिविर संपन्न
चित्रकूट।साप्ताहिक योग शिविर में योगाचार्य रमेश सिंह राजपूत ने मुख्यालय के कुबेरगंज में हस्तपादांगुष्ठासन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आसान स्वास्थ्य वर्धक आसान है। इस आसन को खाली पेट करने से शरीर की लंबाई बढ़ती है। घुटने का दर्द कम होता है। दमारोग के साथ रक्त को बढ़ाने का कार्य करता है।
---------------------------------------------
जबरन मकान गिराकर ढो ले गए सामग्री
: चार नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। पट्टे की जमीन में बनाए जा रहे कच्चे मकान को दो दर्जन से अधिक लोगों ने गिरा दिया। इसके बाद मकान में प्रयोग हो रही सामग्री को ट्रैक्टर में भरकर ले गए। मकान निर्माण कर रहे मजदूरों के साथ मारपीट भी की गई। इस मामले में कोतवाली में चार नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भरतकूप चौकी अंतर्गत कस्बा निवासी रामस्वरूप पुत्र गया प्रसाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी राजकुमारी को वर्ष 1997 में आवास बनाने के लिए जमीन का पट्टा मिला था। जिसमें कच्चे मकान का निर्माण किया जा रहा। नौ जून को भरतकूप निवासी दो दर्जन से अधिक लोग आए उन्होंने जबरन मकान व बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। इसके बाद मकान की सारी सामग्री को ट्रैक्टर में भरकर ले गए मजदूरों के साथ भी मारपीट की गई है। कहा गया कि मकान का निर्माण किया तो जान से मार देंगे। इस मामले में पुलिस ने भरतकूप निवासी भानू प्रताप सिंह,रजत सिंह, रणधीर सिंह गीतादेवी व 25 महिला अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
-------------------------------------------------
ताला तोड़ दुकान का समान फेंका
चित्रकूट। शहर के मिशन रोड निवासी दिलीप गुप्ता पुत्र मोतीलाल ने कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार को कुछ लोग उसकी दुकान का ताला तोड़कर जबरन समान सड़क में फेंक दिया है। इसकी शिकायत पुलिस से करने के बावजूद आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिससे वह दर-दर भटक रहा है।
रविवार को भुक्तभोगी पेंटर दिलीप ने बताया कि दुकान को लेकर उसका विवाद भवन मालिक व स्थानीय कुछ लोगों से चल रहा है। वह 15 साल से एक किराए की दुकान से गुजारा करता है। कई बार स्थानीय कुछ लोगों ने उससे जबरन दुकान खाली करने को कहा। भवन मालिक से मिलकर पुलिस में फर्जी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। कई झूंठे मामलों की शिकायत हुई। जिसका पूरा मामला अदालत में भी विचाराधीन है। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो टूटा दरवाजा और हजारों की सामग्री सड़क पर बिखरी पड़ी थी। जिसकी सूचना पुलिस को देने के बाद भी किसी पर कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।