जिले में अवैध रूप से किए जा रहे बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। इसी के तहत शुक्रवार को मिशन रोड के पास पांच ट्रक डंप बालू बरामद की गई। इसे सीज कर दिया गया है।
विभिन्न जगहों पर डंप बालू और गिट्टी का व्यवसाय जोरों से चल रहा है। हाईवे के किनारे, नदी के उस पार, बेड़ी पुलिया तक, राजापुर रोड, मिशन रोड, इलाहाबाद बैरियर के आगे कई जगहों पर बालू और गिट्टी डंप देखी जा सकती है। भैरोपागा में मंदाकिनी टाकीज के आसपास भी बालू डंप है।
रात में ट्रक आते हैं और बालू, गिट्टी गिराकर चले जाते हैं। इसे देखते हुए एसडीएम ने खनिज विभाग के साथ अभियान शुरू किया है। इस दौरान टीम को मिशन रोड पर करीब दो लाख की पांच ट्रक डंप बालू बरामद हुई। खनिज अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि बालू किसकी है, इसका पता लगाया जा रहा है। अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।