ओबरी-मुरका स्थित नए विद्युत उपकेंद्र से रविवार से बरगढ़ को बिजली आपूर्ति मिलनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल तीन फीडरों में से एक फीडर से ही आपूर्ति होगी। इससे बरगढ़ और आसपास के करीब 40 गांवों को बिजली संकट और लो वोल्टेज से निजात मिल जाएगी। संबंधित अधिकारी ने 16 से 20 घंटे बिजली मिलने का दावा भी किया है।
अभी बरगढ़ को मऊ उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती है। ओवरलोड के कारण यहां बमुश्किल पांच से छह घंटे ही बिजली आती है। उसमें भी लो वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान रहते हैं। पानी भी समय से नहीं मिल पाता। बिजली संकट पर एक माह पूर्व बरगढ़ प्रधान प्रकाश केशरवानी की अगुवाई में प्रदीप जायसवाल, सुशील द्विवेदी, प्रकाश शुक्ला आदि व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने तत्कालीन मंडलायुक्त को जानकारी दी थी।
ये लोग बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से भी मिले थे। उन्हाेंने 15 दिन के अंदर ओबरी उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन भी दिया था। ऐसे में लोगों की निगाहें ओबरी-मुरका उपकेंद्र पर टिकी थीं। अब ये बनकर तैयार हो गया है। जेई शैलेंद्र मौर्य ने बताया कि अगर फाल्ट न हुआ तो रविवार सुबह यहां से बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी। इससे लोगों को लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
15 दिन में चालू होंगे अन्य फीडर
ठेकेदार आशुतोष पांडे ने बताया कि उपकेंद्र के तीनों फीडर लगाए जा चुके हैं। पांच एमवीए की क्षमता का ट्रांसफार्मर भी लग गया है। 33 हजार केवीए की लाइन भी बिछा दी गई है। कुछ तकनीकी वजह से फिलहाल एक ही फीडर से आपूर्ति की जाएगी। 15 दिन के अंदर अन्य दोनों फीडर भी चालू हो जाएंगे।
यहां संकट दूर होगा
इस उपकेंद्र के चालू होने से बरगढ़ के अलावा मनका छितैनी, कटैया डांडी, गोड़िया, गाहुर, बिलरा, दूबी, गुजिया, मटियार, मड़फा समेत करीब 40 गांवों को भरपूर बिजली मिलेगी।