चित्रकूट। किसानों को अब खाद के संकट से जूझना नहीं पड़ेगा। उन्हें बिक्री केंद्रों पर आसानी से खाद सुलभ होगी। इसके लिए जनपद को 40 हजार बोरी खाद आवंटित कर दी गई है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि जनपद में सभी साधन सहकारी समितियों एवं अन्य निजी बिक्री केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद मौजूद है। एग्री जंक्शन, आईएफएफडीसी, डीसीडीएफ, पीसीएफ कृषक सेवा केंद्रों आदि को 2,190 मीट्रिक टन (लगभग 40 हजार बोरी) यूरिया उर्वरक का आवंटन किया गया है। यह खाद बांदा रैक प्वाइंट तथा पीसीएफ बफर गोदाम से बिक्री केंद्रों को भेजी गई है। इसके अतिरिक्त 16 निजी बिक्री केंद्रों एग्री जंक्शन, आईएफएफ डीसी बिक्री केंद्रों आदि को भी इफ्को की यूरिया उपलब्ध कराने के लिए कंपनी को निर्देशित किया गया है ताकि उन किसानों को भी खाद मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी किसान गेहूं समेत रबी की अन्य खड़ी फसलों में टॉप ड्रेसिंग के लिए वैज्ञानिकों द्वारा संस्तुत मात्रा में उर्वरक प्रयोग करें। जिन्होंने मिट्टी का परीक्षण कराया है, वह मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दी गई उर्वरक मात्रा का प्रयोग करें। बताया कि इस रबी सीजन में अब तक 2580 मीट्रिक टन यूरिया समितियों व अन्य सहकारी बिक्री केंद्रों से वितरित की जा चुकी है। समितियों पर यूरिया खाद की उपलब्धता बनी रहेगी। इसके लिए शासन की योजनानुसार एक रैक यूरिया दो तीन दिनों में जिले को प्राप्त होने वाली है, जिसे सीधे सहकारी समितियों पर भेजा जाएगा ताकि किसान समय से खाद का उपयोग कर सकें।