पहाड़ी। कस्बा समेत आस-पास के सभी गांव में झोलाछाप डाक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने चेकिंग की। सीएमओ के निर्देश पर गुरुवार को झोलाछाप डॉक्टर और पैथोलॉजी लैब संचालन के कागज चेक किए ।
गुरुवार को पहाड़ी के बिसंडा रोड स्थित हीरालाल कुशवाहा मरीजों का एलोपैथिक इलाज करते मिले और ग्राम देवल में बाबूलाल भी इलाज करते मिले। दोनों को नोटिस देकर शुक्रवार को अपने सारे प्रपत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाने के लिए कहा गया है। सीएचसी पहाड़ी के प्रभारी डॉक्टर दीपक मनी नायक ने बताया कि कागजात लेकर न आने पर एक दिन बाद एफ आईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कस्बे में लगभग एक दर्जन से झोलाछाप हैं। सीएमओ डा. राजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में भी एक टीम बनाई गई है। कर्वी मुख्यालय में 3, शिवरामपुर में दो, मानिकपुर में 3 ,राजापुर में दो झोलाछाप को नोटिस दी गई है । सीएमओ ने बताया कि यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।
30 तक कराएं पंजीयन
चित्रकूट। सीएमओे डा. राजेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में सभी प्राइवेट अस्पताल व क्लीनिक चलाने वाले डाक्टर अपने पंजीयन का नवीनीकरण कराएं। इसके लिए 30 अप्रैल की अंतिम तारीख रखी गई है। सीएमओ के अनुसार जो भी इस तारीख तक अपने पंजीयन का नवीनीकरण सीएमओ कार्यालय से नहीं कराएगा उसके खिलाफ जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।