चित्रकूट। मुख्यालय में रविवार को आयोजित ई लोक अदालत में मोटर दुर्घटना के 14 व वैवाहिक विवाद के 13 मामलोें सहित 27 का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला जज आरपी सिंह ने पांच मामलों का निस्तारण कर 19 लाख 95 हजार रुपये जुर्माना लगाया।
अपर जिला जज दिनेश कुमार ने तीन मामले निस्तारित कर 13 लाख 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया। अपर जिला जज कुसम लता ने दो व अपर जिला जज दीप नारायण तिवारी ने एक मामले का निस्तारण किया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्येंद्र प्रकाश पांडेय ने दो मामले का निस्तारण करते हुए सात लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीत नारायण पांडेय ने एक मामले का निस्तारण करते हुए तीन लाख की धनराशि पक्षकारों को दिलाई। परिवार न्यायालय में 13 वैवाहिक वादों का निस्तारण किया गया।
यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज अरुण कुमार यादव ने दी। उन्होंने बताया कि 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी तरह के मामलों का निस्तरण किया जाएगा।