खरसेड़ा गांव में कुपोषित बच्चों के परिजनों को गाय देते डीएम शेषमणि पांडेय व सीडीओ अमित आसेरी
- फोटो : CHITRAKUTT
पहाड़ी(चित्रकूट)। पोषण अभियान के तहत शनिवार को 25 कुपोषित बच्चों के परिवारों को दुधारू गोवंश बांटे गए। ग्राम पंचायत खरसेडा की गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में सांसद आरके सिंह पटेल, जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल व मुख्य विकास अधिकारी अमित आसेरी ने ग्रामीणों को सहजन के पौधे और प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही उन्हें कुपोषण के प्रति जागरूक भी किया।
कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि सरकार ने धात्री, गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों को काफी योजनाएं लागू कर लाभ दिया है। पुरानी परंपरा लागू कर गाय देने का कार्य किया। गाय का दूध अमृत होता है। तीन वर्ष तक बच्चों को देसी गाय का दूध पिलाने पर उन्हें कोई बीमारी नहीं होगी।
इस योजना से बच्चों का कुपोषण दूर होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 301 ग्राम पंचायतों में गोआश्रय स्थल बनाए गए हैं। इसमें 31, 737 गोवंश संरक्षित किए गए हैं। जिनका भरण पोषण ग्राम प्रधानों, सचिव व अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गायों की सेवा करें और बच्चों का कुपोषण दूर करें। सीडीओ ने कहा कि कुपोषण को हल्के में न लें। बच्चे देश के भविष्य हैं। कुपोषण दूर कराएं, तभी कुपोषित बच्चा अपनी तरक्की कर पाएगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर बच्चू लाल गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया। जिला विकास अधिकारी आरके त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी पहाड़ी विपिन कुमार, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास पीडी विश्वकर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी पहाड़ी महेंद्र कुमार पटेल व बाल विकास परियोजना अधिकारी रामनगर वीरेंद्र कुशवाहा मौजूद रहे।