चार बिंदू हटाने पर पीड़ित परिजन नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। जुड़वा बच्चों की अपहरण के बाद हत्या मामले में मजिस्ट्रेेटी जांच से चार बिंदु हटाने पर पीड़ित परिजनों ने गहरी नाराजगी जताई है। इस कांड के बाद निलंबित चार सिपाहियों की बहाली पर भी आपत्ति कर डीएम को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में हटाए गए बिंदुओं को जोड़ने की मांग की गई है।
गौरतलब है कि चित्रकूट के जानकीकुंड के सदगुरु स्कूल परिसर से 12 फरवरी को जुड़वां बच्चों प्रियांश व श्रेयांश का अपहरण कर 20 फरवरी को फिरौती लेने के बावजूद 22 फरवरी को दोनों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सतना डीएम सत्येंद्र सिंह ने मजिस्ट्रेटी जांच कराई है। शनिवार को अमर उजाला ने इस जांच रिपोर्ट से कुल 9 बिंदुओं में चार बिंदु हटाए जाने की खबर छापी। इसकी जानकारी होते ही मृतक बच्चों के पिता बृजेश रावत व परिजनों ने इसका विरोध कर सतना डीएम को ज्ञापन सौंपा।
जिसमें आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियाें को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस बिंदु के हटने से पर्दे के पीछे के अन्य आरोपी बच जाएंगे। इसके अलावा घटना के बाद जिन चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था उन्हें भी बहाल करना गलत है। यह सब जांच को प्रभावित कर सकते हैं। पीड़ित परिजनों ने यह भी कहा है कि यदि हटाए गए बिंदु शामिल न किए गए और सिपाहियों की बहाली रद्द न की गई तो वह सब डीजीपी कार्यालय भोपाल जाकर धरना देंगे।