मंदाकिनी में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। धर्मनगरी में माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में स्नान कर मत्यगयेंद्रनाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कामदनाथ में मत्था टेक कामदगिरि की परिक्रमा लगाई।
मंगलवार माघ मास की पूर्णिमा पर धर्मनगरी चित्रकूट के रामघाट पर प्रात: से श्रद्धालुओं का रेला जुट गया। देवगंगा मंदाकिनी में डुबकी लगाकर शाही स्नान पर्व का पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने मत्यगयेन्द्रनाथ मंदिर में भगवान शंकर को जलाभिषेक कर कामतानाथ में मत्था टेक कामदगिरि की परिक्रमा की। मान्यता के अनुसार माघी पूर्णिमा पर्व पर शाही स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालु लौटकर चित्रकूट में देवगंगा मंदाकिनी में स्नान करते हैं। रामघाट परिक्षेत्र में श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ा। प्रयागराज में कल्पवास करने वाले हजारों आस्थावानों ने देवगंगा मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस रही।