मालगाड़ी का इंजन फेल, ढाई घंटे रेल मार्ग प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। मानिकपुर इलाहाबाद रेल मार्ग पर अचानक मालगाड़ी का इंजन फेल होने से लगभग ढ़ाई घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। इलाहाबाद से दूसरा इंजन मंगाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों को पिछले स्टेशनों पर खड़ा कराया दिया। गर्मी के कारण यात्रियों की हालत खराब रही।
सोमवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे दिल्ली की ओर जाने वाली आनंद विहार एक्सप्रेस जैसे ही मानिकपुर जंक्शन से आगे बढ़ी तो पनहाई के पहले ही सूनसान इलाके में ट्रेन को रोकना पड़ा। आगे जा रही मालगाड़ी डभौरा-पनहाई स्टेशन के बीच खड़ी थी। जिसका इंजन फेल हो गया था। इसके अलावा मुंबई हावड़ा एक्सप्रेस भी आ गई जिसे डभौरा के पास रोका गया। उधर मालगाड़ी के इंजन खराब होने की जानकारी मिलने पर मानिकपुर से तकनीकी विशेषज्ञ का दल पहुंचा लेकिन आधा घंटे के प्रयास के बाद भी इंजन चालू नहीं हो सका। जिसकी सूचना इलाहाबाद मंडल कार्यालय को दी गई। जिसके बाद इलाहाबाद से दूसरा इंजन भेजा गया। डेढ़ घंटे बाद दूसरा इंजन आने पर उसे लगाकर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया। मानिकपुर क े सहायक स्टेशन प्रबंधक केके यादव ने बताया कि लगभग ढाई घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। उधर गर्मी व सूनसान जंगल इलाके में रात को दो एक्सप्रेस ट्रेेेन में बैठे यात्री हलाकान रहे।
एक नंबर पर खड़ी रहती है मालगाड़ी
मानिकपुर। जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर अक्सर मालगाड़ी खड़ी कर चालक व गार्ड ड्यूटी खत्म कर चले जाते हैं। जिससे सुपर फास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों को मजबूरी में प्लेटफार्म नंबर दो तीन से गुजारना पड़ता है। सबसे व्यस्त प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन खड़ी होने से रेल यात्रियों को भी परेशानी होती है।