नोट बदलो अभियान की शुरुआत गुरुवार से शुरू होने पर बैंकों में लाइन लग गई। लोग पांच सौ व एक हजार के नोटों की गड्डी लिए घंटों खडे़ रहे। नोट बदलते ही चेहरे पर मुस्कान आ गई। पहले ही दिन जिले की18 प्रमुख शाखाओं में लगभग 20 करोड़ रुपये के 500 व 1000 के नोट जमा किए गए। इनके बदले लगभग तीन करोड़ के नोट बदले गए। सुबह से शाम तक बैंक के अंदर व बाहर पुलिस मौजूद रही लेकिन कई बार फार्म लेने व भरने को लेकर धक्कामुक्की हुई।
नोट जमा करने के बनाए गए नियमों की जानकारी के लिए बैंक के बाहर लिस्ट चस्पा की गई। नोट बदलने को विकलांग भी बैंकों में सुबह से डटे रहे। वही कई वृद्ध भी बैंकों में लाइन लगाए रहे। जिले में अभी ग्राहकों को नए पांच व एक हजार के नोट नहीं दिए गए। 10, 20 व 10, पांच के पुराने नोट ही दिए गए। पहले दिन किसी को नए नोट नहीं मिले। पीएनबी के शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार व एसबीआई के शाखा प्रबंधक डीके निगम ने बताया कि जिलेे की सभी बैंकों में नोट जमा किए गए हैं। पंजाब नेशलन बैंक, यूनियन बैंक, एचडीएफसी बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक आफ बडौदा, यूको बैंक, सिंडीकेट बैंक, सेंट्रल बैंक, एसबीआई बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, ओरियंट बैंक, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक व इनकी शाखाओं में नोट जमा करने व निकालने की सुविधा दी गई। उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी के सदस्य रुद्र प्रसाद मिश्रा ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि काला धन के नाम से जतना को परेशान करने का शिगूफा छोड़ा गया है। ताकि चुनाव के समय कालाधन का सवाल कोई न कर सके।
ग्राहकों की सुविधा के लिए नोट जमा करने के लिए बैंकों में लगने वाली स्लिप की फोटो कापी बाहर से कराने की सुविधा दे दी गई। बैंकों के सामने कई दुकानदारों ने फोटो कापी करने को लगाई मशीन।
रेलवे स्टेशन पर टिकट देने के दौरान क्लर्कोेँ की मनमानी जारी रही। 500 व 1000 के नोट लेकर टिकट लेने आने वाले यात्रियों को लौटाया गया। रेलवे कर्मी फुटकर न होने का बहाना बनाते रहे। मजबूरन तमाम यात्रियों को बिना टिकट ही ट्रेन में सवार होना पड़ा।
गुरुवार को कस्बे में रेलवे स्टेशन से ब्लाक परिसर तक युवकों ने धन्यवाद रैली निकाली। इसमें बड़े नोट बंद कर काले धन पर रोक लगाने केंद्र सरकार की पहल की तारीफ की गई। इस रैली में रामकेश यादव, राजकिशोर त्रिपाठी, सत्यदेव केशरवानी, सीताराम व अतुल पांडेय आदि शामिल रहे।
बिजली विभाग लेगा 500 व 1000 के नोट
बिजली विभाग के अवर अभियंता सुनील कुमार पटेल ने बताया कि विद्युत विभाग बिल के भुगतान में पांच सौ व एक हजार के नोट जमा करेगा। यह प्रक्रिया 11 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगी।