पावर हाउस के फीडर में लगी आग, 16 घंटे बाद चालू हो सकी आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
मानिकपुर। कस्बे के बिजली पावर हाउस के फीडर में शनिवार की रात्रि आग लगने से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। सुबह होने पर कर्मचारियों ने जले उपकरणों को बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई।
कस्बे के बिजली पावर हाउस में शनिवार की रात्रि अचानक फीडर की क ेबल में फाल्ट हो जाने से आग लग गई। इससे फीडर में लगे उपकरण जलने लगे। पावर हाउस के अंदर बैठे कर्मचारी आग लगते ही बाहर निकाल आए। अपने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सुबह होने पर आग को बुझाने के बाद जले उपकरणों को बदलने का कार्य किया जा रहा है। 16 घंटे बाद दोपहर को आपूर्ति चालू हो सकी।
उधर बनकट गांव स्थित बिजली पावर हाउस में ओसीबी उपकरण जल जाने से सुबह से लगभग पांच घंटे तक बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। सुबह बारिश बंद होने के बाद कर्मचारियों ने उपकरणों को बनाया तब जाकर बिजली आपूर्ति शुरू हुई।