मनमाना किराया न देने पर तीर्थयात्रियों को पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर के स्टेशन रोड पर निर्धारित किराए से अधिक रुपये मांगने का विरोध करने पर टेंपो चालक ने दो तीर्थयात्रियों की जमकर पिटाई की। मौके पर मौजूद पीआरडी व होेमगार्ड के अलावा अन्य टेंपो चालक तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी वृद्ध तीर्थयात्रियों को बचाने का प्रयास नहीं किया। इसके बाद पुलिस आने की सूचना पर टेपों लेकर चालक भाग निकला। पीड़ित यात्रियों ने पुलिस से शिकायत नहीं की।
सावन माह में चित्रकूट दर्शन के बाद पनवाड़ी जिला महोबा निवासी बृजगोपाल व फूलचंद्र रामायण मेला परिसर के पास से एक टेंपो पर बैठे। उन्होंने बताया कि टेंपो चालक रामसुफल से कर्वी का किराया तय कर बैठे जैसे ही स्टेशन मोड़ पर पहुंचे तो टेंपो चालक ने तय किराए से दस रुपये अधिक मांगे। विरोध किया तो गाली देने लगा। तीखी बहस होने पर कुछ और टेंपो चालक व स्थानीय लोग आ गए। ड्यूटी में मौजूद होमगार्ड व पीआरडी जवान भी पहुंचे।
दोनों पक्षों के बीच गालीगलौज होने लगी। टेंपो चालक ने दोेनों यात्रियों को पीट दिया। दोनों को धक्का देकर पानी में गिरा दिया। यात्री बृजगोपाल ने अपनी छड़ी से चालक को मारा तो उसकी नाक के पास चोट लग गई। इसके बाद नाराज टेंपो चालक ने दोनों यात्रियों को लात घूंसों से जमकर पीटा और किसी ने रोकने का प्रयास नहीं किया। इस बीच कुछ लोगों ने बताया कि कोतवाली पुलिस की गाड़ी आ रही है तो सभी टेंपो चालक भाग निकले। घायल दोनों यात्री किसी तरह स्टेशन पहुंचे और ट्रेन आने पर महोबा रवाना हो गए। इस मामले में कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि जानकारी मिली थी लेकिन जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कोई नहीं मिला। टेंपो चालकों की मनमानी पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।