अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने बैठक में न आने पर जिला पंचायत राज अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिये।
डीएम ने कहा कि अधिशासी अभियंता जल निगम, जल संस्थान व खंड विकास अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कहीं पर पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों से कहा कि राजस्व व कर करेतर के लक्ष्यों पर अभी से जुट जायें तभी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। विभागीय कार्यों के प्रति अधिकारी उदासीनता न बरतें।
उन्होंने कहा कि जो भी योजनाएं संचालित हैं उन पर आधार नंबर बहुत आवश्यक है। उन्होंने मनरेगा के कार्यों, पशुओं का टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, सेतु निगम के कार्यों, सड़कों के निर्माण, सीसी रोड, कूप योजना, विशिष्ट मंडी निर्माण, इरीगेशन पंपों का संचालन, किसानों का पंजीकरण, बीज वितरण, मृदा परीक्षण, माडल स्कूल, मिड-डे-मील, पौधरोपण, कौशल , इंदिरा, लोहिया आवास, प्रधानमंत्री आवास, रामघाट का विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण व पेंशन आदि के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय प्रकाश पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी श्रीराम पांडेय, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी आनंद प्रकाश शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. जितेंद्र श्रीवास्तव व अधिशासी अभियंता विद्युत जगदीश चंद्र भी मौजूद रहे।