शिक्षकों ने आदेश की प्रतियां जलाकर जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ शिक्षकों ने रविवार को शहर के पटेल तिराहे प्रदर्शन किया। पुरानी पेंशन की बहाली कराने के अलावा दो स्कूलों के दो प्रधानाध्यापक में एक को हटाने की आदेश की प्रतियां जलाई।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के नेतृत्व में शिक्षक शहर के पटेल तिराहे के पास एकत्र हुए। सभी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि जिन भवनों में प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं उन भवन से एक स्कूल के प्रधानाध्यापक को हटा दिया जाए। यह आदेश तुगलकी फरमान जैसा है। शिक्षकों की कमी के कारण किसी विद्यालय में प्रधानाध्यापक ही पूरा स्कूल संचालित करता है ऐसे में उन स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था खराब हो जाएगी। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार के इस आदेश का विरोध कर नारेबाजी की। इसके बाद आदेश की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की भी बहाली कराने की मांग की है।