गुरुवार की सुबह तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 15 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बीटीसी अभ्यर्थी भी हैं। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर हाइवे पर इलाहाबाद की ओर से आ रहे ट्रक की बगरेही जा रही टेपों से टक्कर हो गई।
हादसे में टेपों चालक अरवारा निवासी शिवलाल पुत्र चुनुवा, बगरेही निवासी संवरिया पत्नी मैकूलाल, राममनी पत्नी छाबीलाल, मकरी निवासी गोरेलाल पुत्र श्रीपाल, बघौडा निवासी देवीदयाल पुत्र शंकर, रैपुरा निवासी रामहित पुत्र चुन्नीलाल व खोह निवासी कृष्णकुमार पुत्र तुलसी घायल हो गए। जानकारी होते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हाइवे पर बेडिपुलिया के पास बाइक सवार को बचाने में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। टेंपों में सवार बीटीसी अभ्यर्थी ममता देवी, सुमन देवी व रामहित पटेल घायल हो गए। तीनों शिवरामपुर स्थित डायट जा रहे थे। इसके अलावा चंदा देवी पत्नी बड़कू और मनीष कुमार निवासीगण बडौली, बबेरू भी घायल हुए।
इसी प्रकार पहाड़ी-राजापुर मार्ग पर लोढ़वारा के पास टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टेंपो सवार नई दुनिया निवासी राम मनोहर पुत्र चुनवाद, पहाड़ी के रामचंद्र पुत्र रघुवीर व दुबारी के रुद्र प्रसाद पुत्र जागेश्वर घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।