मूल्यांकन में तेजी: 26, 352 कापियां जंची
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटर बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य में लगे परीक्षक अनुपस्थित चल रहे। 235 परीक्षकों में 27 परीक्षक सोमवार को कापी जांचने में जुट गये हैं। शेष परीक्षकों को नोटिस जारी की गई है। मंगलवार तक अनुपस्थित परीक्षकों के खिलाफ एफ आईआर दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही विभागीय कार्यवाही भी होगी। डीआईओएस ने कहा कि उप नियंत्रक की मांग के अनुसार नए परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। बता दें कि इस वर्ष हाईस्कूल में 87009 और इंटर में 57932 कापियों का मूल्यांकन होना है।
उप नियंत्रक डा.रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के चौथे दिन हाईस्कूल की 5740 कापियों का मूल्यांकन हुआ है अब तक 15339 कापियां जांची जा चुकी हैं। अभी 62403 कापियों का मूल्यांकन होना है। इसी तरह इंटर में 4966 कापियों का मूल्यांकन चौथे दिन किया गया है। जबकि 46919 कापियां शेष बचीं हैं। अब तक इंटर की 11013 कापियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। कापियों का मूल्यांकन 15 दिन के अंदर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उप नियंत्रक ने डीआईओएस को पत्र लिखा है। जो अनुपस्थित हैं उनके खिलाफ कार्यवाही होगी और उनके जगह पर नये परीक्षक नियुक्त कर कापियाें का मूल्यांकन तेजी से कराया जायेगा। मूल्यांकन कार्य में व्यवस्थापक के रूप में श्रीनिवास त्रिपाठी, फू लचंद्र चंद्रवंशी के अलावा पत्राचार विभाग इण्टर में प्रताप नारायण श्रीवास्तव प्रभारी बनाये गये हैं।