110 जोड़ों ने एक दूसरे को चुना जीवन साथी
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत धर्मनगरी के राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में गुरुवार एक दूसरे को जीवन साथी चुनने के कार्यक्रम में खासा उत्साह दिखा। इस बार जिले के 110 जोड़ों की शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक रामनारायण त्रिपाठी की टीम द्वारा कराई गई। जिसमें तीन अल्पसंख्यक समुदाय के जोड़े शामिल थे जिनका निकाह कराया गया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीतिरिवाज से सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर व मुख्य विकास अधिकारी डा. महेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांसद ने कहा कि सामूहिक विवाह से गरीब परिवार के सदस्यों का भला हो रहा है। सरकार मुफ्त में शादी कराने के साथ ही आर्थिक सहायता व वर वधु को गृहस्थी का समान भी देती है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के 110 जोड़ों की शादी का कार्य हिंदू रीति रिवाज की परंपरा के अनुसार कराई गई है। यह योजना गरीब बच्चों की शादी के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की गई है। जिसमें 20 हजार रुपये कन्या के खाते में,10 हजार रुपये में कपड़े, चांदी की बिछिया, पायल, बर्तन आदि दिया गया है। सांसद, विधायक प्रतिनिधि मऊ-मानिकपुर/ कर्वी, नगर पालिका अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख कर्वी द्वारा संयुक्त रूप से 15 हजार रुपये विवाह सम्पन्न कराने वाले गायत्री शक्तिपीठ के आचार्यों एवं निकाह कराने वाले काजियों को पुरस्कार स्वरूप दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी डा. महेंद्र कुमार ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन लेखाकार अतुल खरे ने किया। इस मौके नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, ब्लाक प्रमुख कर्वी गुलाब सिंह पटेल,मानिकपुर विधायक प्रतिनिधि, शक्ति प्रताप सिंह तोमर, कर्वी विधायक प्रतिनिधि नीरज गर्ग,े,उप जिलाधिकारी कर्वी इन्दुप्रकाश,परियोजना निदेशक अनय कुमार मिश्रा, जिला विकास अधिकारी आर के त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव लोचन मिश्र, डीपीआरओ सुरेश चन्द्र मिश्रा सहित भाजपा नेता पंकज अग्रवाल, व्यापार मंडल के राहुल गुप्ता, गोलू गुप्ता व चंद्रप्रकाश खरे आदि आदि मौजूद रहे।