चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर रौली गांव के पास बेकाबू ट्रक ने कैंपर में टक्कर मार दी। इसमें कैंपर क्षतिग्रस्त हो गया। चालक समेत एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। घायलों को जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
थानाक्षेत्र के रौली गांव के पास शुक्रवार सुबह गिट्टी लदे ट्रक की टक्कर से कैंपर चालक लामा जिला बांदा निवासी माखन (42) पुत्र रामस्वरूप व बांदा निवासी अखिलेश (18) पुत्र बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने उसे जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष संजय उपाध्याय ने बताया कि ट्रक और चालक की तलाश की जा रही है। आरोपी ट्रक नंबर व मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इसी तरह, सीतापुर चौकी क्षेत्र में रामसरोखे पुत्र बद्री प्रसाद निवासी सदर बाजार शुक्रवार को चकमाली गांव जा रहा था। तभी चार पहिया वाहन ने ठोकर मार दिया। बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के राजाताला ददरी माफी गांव निवासी शिवांग पुत्र कमलेश व भूरा प्रसाद पुत्र बैजनाथ बृहस्पतिवार की शाम गौतमपुर से साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार की टक्कर से घायल हो गए। उनके साथ उनका नाती शिवांग पुत्र कमलेश भी घायल हुआ। जिसे प्रयागराज रेफर किया गया है।
इसके अलावा बरातियों से भरी बोलेरो बघेलावारी के पास पेड़ से टकरा गई। इसमें कोतवाली क्षेत्र के लोनिया पुरवा निवासी मुन्ना (20) पुत्र मोहन, इटौरा निवासी पूजा (12) व शिवानी पुत्री कैलाश, अर्पूवा व प्रियंका पुत्री जानकीशरण निवासी सिद्धपुर, सुकरी पुरवा की नीलू पुत्री राजकुमार सड़क हादसे में घायल हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी सिद्धपुर गांव से एक बारात में बघेलाबारी जा रहीं थीं। चालक की लापरवाही से बोलेरो पेड़ से टकरा गई थी।