शिक्षक भर्ती के लिए बीटीसी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। बीटीसी/डीएलएल डिप्लोमा अभ्यर्थियों ने शिक्षकों की भर्ती में शिक्षा शास्त्र में दो वर्षीय डिप्लोमा धारियों को प्राथमिकता देने को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री व मानव संसाधन विकास मंत्रालय को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें कहा कि पहले डिप्लोमाधारियों को शिक्षक पद पर समायोजित किया जाए।
सोमवार को संयुक्त प्रशिक्षु मोर्चा बीटीसी व डीएलएलएड प्रशिक्षु मोर्चा के आह्वान पर बीटीसी/डीएलएल अभ्यर्थियाें ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन। जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद द्वारा जारी अधिसूचना दिनांक 28 जून 2018 में संशोधन करते हुए शिक्षा शास्त्र में दो वर्षीय डिप्लोमाधारी अभ्यर्थियों को शिक्षकों की भर्ती में प्राथमिकता दी जाए। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश राज्य को छूट दी है कि वह बीएड अभ्यर्थियों को 6 माह का प्रशिक्षण देकर प्राथमिक विद्यालय मे नियुक्ति कर सकती है। इस मौके पर बलवीर सिंह, शुभम कुमार मिश्र, अखिलेश सिंह, प्राशान्त कुमार गुप्ता, भरत लाल मिश्र, वीरेंद्र मिश्र,तेज प्रताप, मनीष कुमार, विनय कुमार, प्रशांत गुप्ता, अर्चना शुक्ला, विभा सिंह, संध्या पटेल, पूजा सिंह, रमाकांत शुक्ला आदि मौजूद रहे।