जिले भर में बिजली कटौती से मचा हाहाकार
अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अंधाधुंध बिजली की कटौती हो रही है। परेशान बिजली उपभोक्ताओं ने शहर के ट्रैफिक चौराहे पर शनिवार की आधी रात को जाम लगा दिया। राजापुर,मानिकपुर, पहाड़,भरतकूप क्षेत्र के दो दर्जन गांव ऐसे हैं जहां एक सप्ताह से बिजली गुल है और कुछ क्षेत्रों में बिजली के आने जाने का कोई समय नहीं है। जिससे गांवों में लगे नलकूपों से पानी की सप्लाई भी नहीं हो पाती है।
कुछ माह पहले तक धर्मनगरी को 24 घंटे बिजली मिलती थी और अब हालात बदल गए हैं। एक सप्ताह से बरसात का मौसम आया है तो बिजली की कटौती अधिक की जा रही है। दिन के अलावा रात को भी कटौती करने से लोग बिजली विभाग के अधिकारियों से खासे नाराज हैं। सभी केंद्र व प्रदेश सरकार को कोस रहे हैं। इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है जिससे बिजली जाते ही लोगों को बेचैनी होने लगती है। बरसात होने के कारण लोग घर की छतों पर भी नहीं जाते हैं। शहर के नई बाजार से लेकर जगदीश गंज की हालत यह है कि लगातार पांचवे दिन अंधेरे में हजारों निवासियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। गर्मी व बारिश से परेशान निवासियों का सब्र का पहाड़ शनिवार की देर रात टूट गया। सैकड़ों युवक रात लगभग एक बजे बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रैफिक चौराहे पहुंचे और हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक जाम के दौरान सीओ व कोतवाल मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर जाम खत्म कराया। रविवार की दोपहर तक इस क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।
राजापुर प्रतिनिधि के अनुसार बिजली की कटौती से सभी परेशान हैं। पूरे सप्ताह भर लगातार बिजली गुल होने से ग्रामाीण परेशान हो गए थे। राजापुर कस्बे में भी बिजली गुल थी। बिजली आने जाने का र्कोई निश्चित समय नहीं है। बिजली न रहने से पेयलज का भी संकट बना रहता है। भरतकूप प्रतिनिधि के अनुसार बिजली के उपकरण मेें आए दिन फाल्ट हो जाता है। जिसको बनाने के लिए बिजली मिस्त्री समय से नहीं पहुंचते। बीहड़ के गांव में यदि बिजली के तार टूट गए तो कई घंटे बिजली गुल रहती है। जब अधिकारियों पर दबाव पड़ता है तब जाकार बिजली की आपूर्ति की जाती है। मानिकपुर प्रतिनिधि के अनुसार बिजली की आपूर्ति न होने से कस्बे सहित गांव में पेयजल का सामना करना पड़ता है।
--इनसेट
तकनीकी खराबी में हो रहा सुधार
चित्रकूट। बिजली विभाग के अधिशासी अधिकारी गुरुचरण ने बताया कि कई उपकरणों में तकनीकी खराबी आने से बिजली की आपूर्ति में बाधा आ रही है। जिसको सुधारने में तकनीकी विशेषज्ञ लगें हैं। जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल होगी।
:- मुख्यालय के आक्रोशित युवकों ने रात को हाईवे किया जाम
:- राजापुर व भरतकूप क्षेत्र के दो दर्जन गांव की एक सप्ताह से बिजली गुल
:- मानिकपुर व पहाड़ी में फैल रहा आक्रोश