फसल की मड़ाई के दौरान सोमवार की शाम अचानक शार्ट सर्किट से एक सैकड़ा बीघे की फसल जल उठी। काफी प्रयास के बावजूद फसल नहीं बचाई जा सकी।
थाना क्षेत्र के मलवारा गांव में प्राथमिक विद्यालय के बगल में ग्राम समाज की जमीन पर खलिहान में गांव के किसानों की फसल मड़ाई के लिए रखी थी। शाम को अचानक मड़ाई के दौरान विद्युत आपूर्ति के लिए लगाए गए तार में शार्ट सर्किट होने पर निकली चिंगारी से एक लाक में आग लग गई। थोड़ी देर तक किसी को कुछ नहीं पता चला, लेकिन कुछ देर बाद आग की लपटें देख अफरातफरी मच गई।
लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ती गई और देखते ही देखते वहां रखी एक सैकड़ा बीघे की गेहूं व अन्य फसल जल गई। जानकारी होते ही फायर ब्रिगेड की दो टीमें वहां पहुंची, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। वहीं रखे ट्रैक्टर, बाइक व साइकिल भी जल गए और आग की लपटों से महुंए के पेड़ में भी आग लग गई। एसडीएम सीपी उपाध्याय व लेखपाल बलरामदत्त शुक्ल ने मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया।
इसके बाद सपा प्रत्याशी डा. निर्भय सिंह पटेल, सूरज सिंह, संतोष पटेल, भाजपा नेता सुभाष अग्रवाल भी पहुंचे और प्रशासन से पीड़ित किसानों को तत्काल राहत सामग्री दिलाने की मांग की है। इसके अलावा सदर ब्लाक के गोबरिया गांव में शिवकुमार के घर में सोमवार को अचानक आग लगने से लगभग एक लाख की गृहस्थी राख हो गई।