सुरक्षा गार्ड की भर्ती की सूचना पर रविवार को चकिया कोतवाली पहुंचे दर्जनों युवाओं को सूचना फर्जी निकलने के चलते वापस लौटना पड़ा। इससे युवाओं को परेशानी उठानी पड़ी। कुछ दिनों पूर्व सिक्योरिटी स्किल काउंसिल ऑफ इंडिया और सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड ने 1300 सुरक्षा गार्ड, 200 सुपरवाइजर और कैश कस्टोडियन भर्ती की सूचना निकाली थी। जिले के कई थानों को भर्ती केंद्र बनाया गया था। 12 फरवरी को चकिया कोतवाली को भर्ती केंद्र बनाया गया था। इस सूचना पर रविवार को दर्जनों युवा भर्ती के लिए कोतवाली पहुंचे लेकिन कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा भर्ती की कोई सूचना न होने का हवाला देकर युवकों को वापस लौटा दिया गया। इससे क्षेत्रीय और बाहर से आए युवाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कोतवाल मुकेश कुमार ने बताया कि उन्हें भर्ती की कोई सूचना नहीं मिली थी। इसलिए युवाओं को वापस लौटने के लिए कहा गया। संवाद