चंदौली। स्थानीय सदर कोतवाली के झांसी गांव के समीप पांच फरवरी को सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी युवक की रविवार की सुबह बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के मौत की खबर सुनते ही परिवारिजनों में कोहराम मच गया। हादसे से मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय नगर पंचायत स्थित वार्ड नंबर 14 गांधी नगर निवासी शाहिल उर्फ बबलू (35) पांच फरवरी को बाइक से पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर किसी काम से जा रहा था। उस दिन बारिश हुई थी और सड़क पर फिसलन की स्थिति हो गई। वह जैसे ही झांसी गांव के समीप पहुंचा था कि बाइक बेकाबू हो गई और पलट गई। बाइक पलटने से शाहिल सड़क किनारे गिरकर लहूलुहान हो गया। घटना में उसके सिर में गंभीर चोटें आई। मौके पर जुटे आस पास के ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक देख बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शाहिल के मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शाहिल उर्फ बबलू अपने परिवार का अकेले भरण पोषण करता था। सड़क हादसे में उसकी मौत से परिजनों में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे दो बेटी व एक बेटे को पीछे छोड़ गया। घटना से उसकी पत्नी रूबी व बच्चे मारिया, सानिया व बेटे मासूम का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया है। इस संबंध में चंदौली कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हुई है।