धानापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के खड़ान गांव के पास रविवार की दोपहर दो बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में जमुर्खा गांव निवासी अमित सिंह (26) की मौत हो गई।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार चचेरे भाई सहेपुर गांव निवासी प्रदीप राम और अरविंद राम घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कमालपुर क्षेत्र के जमुर्खा गांव निवासी अमित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पिता मारकंडेय की मौत हो चुकी है। अमित अपने बड़े भाई अजय के साथ खेती करता था।
रविवार को अमित ने सहेपुर गांव से एक व्यक्ति से पुराना ट्रैक्टर खरीदा। दोपहर में वह ट्रैक्टर लेकर घर आया और बाइक लेकर सहेपुर के लिए निकल गया। खड़ान गांव के पास सामने से आ रहीं दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों बाइक पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अमित सिंह की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अमित की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार सहेपुर निवासी चचेरे भाई प्रदीप राम और अरविंद राम को प्राथमिक उपचार किया गया। अमित की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां मीरा देवी, बड़ा भाई अजय का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।