चकिया । स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मूसाखाड़ बांध में राजकुमार चौहान (25) की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बांध से बाहर निकलवाया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बिहार प्रांत के भभुआ जिला अंतर्गत चांद थाना क्षेत्र के सौखरा गांव निवासी राजकुमार चौहान अपने साथियों के साथ मंगलवार की शाम मूसाखाड बांध की ओर घूमने आया था। उसके साथियों के अनुसार राजकुमार बांध में स्नान करने लगा। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके नहीं मिलने पर साथियों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व परिवार वालों ने युवक की तलाश की लेकिन अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह पुलिस ने गोताखोरो की मदद से जाल लगाकर शव को बरामद कर बाहर निकलवाया। कोतवाल रहमतुल्लाह खान ने बताया कि शव को बांध से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है।