सड़क दुर्घटना में मृत विजेंद्र यादव। फाइल फोटो
ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार शाम देर शाम वाहन की टक्कर से धमिना गांव निवासी युवक विजेंद्र यादव (29) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया। विजेंद्र वाराणसी में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करता था। काम के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था।
धमिना गांव निवासी प्यारे लाल का पुत्र विजेंद्र वाराणसी में काम करता था। शुक्रवार की शाम सात बजे वह काम खत्म कर बाइक से घर वापस लाैट रहा था। जैसे ही वह रेमा मोड़ के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वीजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस में शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मौत की खबर मिलते ही धमिना गांव में कोहराम मच गया। पिता प्यारेलाल यादव, माता शुगवंता देवी, पत्नी सपना, छोटे भाई उपेंद्र यादव, रोशन यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।