सैयदराजा। जमीन विवाद में सोमवार को थाने पहुंचे युवक को पुलिस ने बैठा लिया। इससे क्षुब्ध होकर उसके पिता ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। पुलिस उसे जिला चिकित्सालय ले गई। वहां हालत खराब होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। थाने में बैठाने के आरोप को पुलिस ने निराधार बताते हुए कहा कि युवक के पिता घर से विषाक्त पदार्थ खाकर थाने आए थे।
सैयदराजा थाना क्षेत्र के मानिकपुर सानी गांव निवासी राजीव रंजन (60) का उनके भाइयों से मकान व जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। राजीव के पुत्र नीरज सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में छह नवंबर को एसडीएम, सीओ व थाना प्रभारी की उपस्थिति में सुलह-समझौता हुुआ था। इसके बाद भी दूसरे पक्ष के लोग सोमवार को विवादित स्थल पर कार्य कराने लगे। इसकी शिकायत लेकर वह थाने गया था। इस दौरान उसे पुलिसकर्मियों ने थाने में बैठा लिया। इसकी जानकारी पिता राजीव रंजन को हुई तो वह भी थाने पहुंच गए और गेट पर गिरकर तड़पने लगे। इस दौरान थानाध्यक्ष लक्ष्मण पर्वत उसे थाने की जीप में बैठाकर जिला चिकित्सालय ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। नीरज ने आरोप लगाया कि कि सुलह के बाद भी दोबारा निर्माण की शिकायत करने पर पुलिस ने दूसरे पक्ष पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही थाने पर बैठा लिया। इससे क्षुब्ध होकर पिता ने विषाक्त पदार्थ खा लिया।
सुलह समझौते के बाद राजीव सिंह के मकान का लिंटर ढल गया है। इसके बाद दूसरा पक्ष रास्ते का निर्माण करा रहा था। नीरज सिंह को थाने में बैठाने का आरोप निराधार है। उसके पिता बाहर से विषाक्त खाकर थाने पर आए थे। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में राजीव सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - कुंवर प्रभात सिंह, सीओ सदर