फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में पूजा के दीये से लगी आग, 1.50 लाख रुपये जले, युवक की डूबने से मौत; खबरें

Sat, 02 May 2026 01:54 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में पूजा के दीए से विकराल आग लग गई। इससे नकदी और सात लाख के सामान नष्ट हो गए। वहीं, रामनगर थाना क्षेत्र में गंगा में स्नान करते वक्त एक युवक डूब गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: रामनगर थाना क्षेत्र में डोमरी के सामने गंगा में नहाने के दौरान बृहस्पतिवार रात साहिल (22) की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह एनडीआरएफ ने शव को बाहर निकला। दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद चार दोस्त गंगा में नहाने गए थे। पुलिस ने शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

विज्ञापन


चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती सर्कस रोड निवासी साहिल मोहल्ले के चार दोस्तों अमित, सुमित, आलोक और सुधांशु के साथ देर शाम डोमरी क्षेत्र में पहुंचा। सुधांशु का जन्मदिन होने के कारण सभी ने उसका केक काटा। सभी ने गंगा में नहाने का मन बनाया। गंगा किनारे सभी नहा रहे थे कि अचानक साहिल गहरे पानी में चला गया। 

साहिल के डूबने की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। एनडीआरएफ ने सर्च अभियान शुरू किया। रात तक चली खोजबीन में साहिल का पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह एनडीआरएफ की टीम ने खोजबीन शुरू की तो डोमरी गांव के सामने से साहिल का शव बाहर निकाला गया। 
विज्ञापन


परिजनों ने पुलिस को बताया कि साहिल के पिता सीआरपीएफ में एसआई हैं। वह बंगाल में कार्यरत हैं। तीन बहनों और एक भाई में साहिल सबसे छोटा था। बेटे का शव देखकर मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। रामनगर थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पूजा के दीये से लगी आग, 1.50 लाख रुपये जले
फूलपुर क्षेत्र के मथुरीपुर जगदीशपुर गांव में घर में पूजा के दौरान जलाए गए दीये से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर डेढ़ लाख रुपये और सात लाख का सामान जलकर राख हो गया। गांव निवासी दिनेश कुमार पटेल वेल्डिंग का काम करते हैं। 

शुक्रवार शाम 7 बजे अपने घर के पूजा स्थल पर दीया और अगरबत्ती जलाया था। अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ आग बुझाने में जुट गए। 

थोड़ी देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। भुक्तभोगी ने बताया कि कूलर, पंखा, इन्वर्टर, बैटरी, मोटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बक्सों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और डेढ़ लाख रुपये जो शादी के लिए रखे गए थे पूरी तरह जल गए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

छात्र पर अश्लीलता का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
बीएचयू में छात्र मृत्युंजय तिवारी पर अश्लीलता और छेड़खानी के आरोप में शुक्रवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है। चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने बताया है कि अपने पिता को डॉक्टर से दिखाने गई थी, वहां मृत्युंजय से मुलाकात हुई। आरोप लगाया कि पैसे लेकर दिखाने का आश्वासन देकर डॉक्टर को तुरंत दिखवा दिया। फिर मृत्युंजय ने उसे अपना नंबर दे दिया। आगे बताया कि मृत्युंजय ही उसे व्हाट्सएप पर कॉल करने लगा। 

दो से तीन महीने बातचीत के बाद अश्लील बातें करने लगा। दवा लेने जाती तो वहां पर छेड़खानी करता। जिसकी वजह से पिता का इलाज नहीं करा पा रही। आरोपी डॉ. मृत्युंजय तिवारी ने बताया कि आरोप मनगढ़ंत हैं। बिना तथ्यों के एकतरफा कार्रवाई की गई है। अस्पताल में लापरवाही को लेकर उठा रहे मुद्दे के चलते ऐसा किया गया। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

ज्ञानवापी की दीवार पर भगवा पेंटिंग का विरोध
ज्ञानवापी मस्जिद की दीवार पर भगवा पेंटिंग किए जाने पर शहर मुफ्ती अब्दुल बातिन ने नाराजगी जताई। पेंटिंग हटाने की मांग कर उन्होंने डीसीपी काशी और एसीपी सुरक्षा को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि यदि पेंटिंग नहीं हटाई गई तो विरोध जारी रहेगा। उधर, मामला अतिसंवेदनशील होने और जुमे की नमाज को देखते हुए क्यूआरटी, पीएसी और आसपास के थानों की फोर्स तैनात की गई। हालांकि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। 

शहर मुफ्ती अब्दुल बातिन नोमानी ने आपत्ति जताते हुए कहा कि मस्जिद की दीवार पर इस तरह की पेंटिंग धार्मिक मर्यादाओं और परंपराओं के खिलाफ है। शकील अहमद ‘जादूगर’ ने कहा कि मस्जिदों का रंग सामान्यतः सफेद या हरा होता है, जबकि गेरुआ रंग मंदिरों से जुड़ा माना जाता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों की परंपरा और पहचान का ध्यान रखना जरूरी है। 

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन फोर्स तैनात की गई। शांतिपूर्ण ढंग से नमाज संपन्न कराई गई। मौके पर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, एडीसीपी काशी वैभव बांगर, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस फोर्स ने गोदौलिया से लेकर विश्वनाथ धाम तक  रूट मार्च भी किया। 

शादी से बाइक चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के तेवर गांव निवासी रामदुलार गुप्ता की बाइक शादी के दौरान चोरी हो गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। रामदुलार गुप्ता ने बताया कि मुरेरी चौबेपुर खुर्द में एक शादी समारोह में गए थे। बाइक बाहर खड़ी की थी। देर रात लौटे तो बाइक मौके पर नहीं मिली। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम ने बताया कि खोजबीन की जा रही है।

दरवाजे पर बैठी महिला से चेन छीनने की कोशिश
मिर्जामुराद क्षेत्र के कल्लीपुर गांव में शुक्रवार शाम मंजू देवी घर के बाहर बैठी थीं तभी उनके गले से उचक्के ने चेन छीनने की कोशिश की। छीनाझपटी के दौरान चेन टूट कर जमीन पर गिर गई, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। मलाड ईस्ट मुंबई निवासी मंजू देवी (55) एक सप्ताह पहले अपने मायके कल्लीपुर आई थीं। शुक्रवार शाम वह घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इस दौरान घटना हुई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की निशानदेही पर एक संदिग्ध को पकड़ लिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

महिला से मारपीट व कपड़े फाड़ने का आरोप
सारनाथ क्षेत्र के पतरेवा गांव में जमीन के कब्जे के विवाद में दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 

आरोपियों में बीरबल, हीरा प्रजापति, दीपक और रानी शामिल हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी रॉड और लाठी लेकर उसके घर में घुस आए, गाली-गलौज की, मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई है। जांच की जा रही है।

मजदूर की मौत के मामले में हत्या का आरोप वापस
पुलिस लाइन परिसर में निर्माणाधीन जी-12 भवन से गिरकर एक मजदूर की मौत के मामले में शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने पहले हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, लेकिन बाद में पुलिस के समझाने पर उसे वापस ले लिया। बृहस्पतिवार को मजदूर मोहम्मद इफ्तिखार (21) की मौत हो गई थी। वह बिहार के अररिया जिले के जॉकीहाट क्षेत्र के सिसोना टोला का निवासी था। 

शुक्रवार को मृतक की भाभी कैंट थाने पहुंचीं और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय मौके पर पहुंचे और परिजनों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद मृतक की भाभी ने अपनी तहरीर वापस ले ली। पुलिस ने ठेकेदार दीपक सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अपने घर रवाना हो गए। 

मारपीट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
मारपीट के मामले में दो आरोपियों को चेतगंज पुलिस ने चौकाघाट चौराहा से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों में चोलापुर के जगदीशपुर निवासी अंकित कुमार और शिवपुर कांशीराम आवास निवासी विकास है। 

मंगलसूत्र छीनने वाला गिरफ्तार, माल मिला
शिवपुर थाना क्षेत्र में महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया। चेन स्नेचिंग करने वाले की पहचान अरविंद पाल (24) निवासी होलापुर के रूप में हुई। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब 2.05 बजे काशीराम आवास के आगे पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से मंगलसूत्र मिला है। 24 अप्रैल को छतरीपुर के गायत्री धाम कॉलोनी फेज-1 निवासी चंदगीराम यादव ने थाना शिवपुर में तहरीर दी थी। 

बताया कि उनकी पत्नी आशा यादव बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रही थीं, तभी घर के पास पीछे से बाइक सवार एक बदमाश ने झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 24 अप्रैल की शाम महिला को रोककर मंगलसूत्र छीना था। 

विरोध करने पर उसने महिला को धमकाया और फिर मंगलसूत्र लेकर भाग गया। शुक्रवार को वह लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। 

जमीन के विवाद में झड़प, प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के सरैया गांव में शुक्रवार सुबह जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। अंबिका प्रसाद शुक्रवार सुबह 9 बजे खेत में ट्रैक्टर से जुताई करवा रहे थे। दूसरे पक्ष के संदीप, दीपक कुमार, दूधनाथ, मुरलीधर, अनिल कुमार, दुर्गावती देवी, रेनू देवी, मधु देवी, अरुणघती उर्फ बुल्ली, अवधेश कुमार उर्फ टोबो, निशा कुमारी, निर्मला देवी और कविता देवी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। 

जमीन को लेकर कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं और बच्चों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उन्हें भी लाठी और लात-घूंसों से पीटा गया। घटना में अंबिका प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके भाई का हाथ टूट गया। अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। परिजन एंबुलेंस की मदद से घायलों को थाने ले गए, जहां से पुलिस ने अंबिका प्रसाद को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। 

खाते से एक लाख निकले, भटक रहा पीड़ित
बड़ागांव थाना क्षेत्र के दासेपुर गांव में राजू सिंह के बैंक खाते से एक लाख रुपये का लेनदेन हो गया, जिसके बाद खाते में 99,954 रुपये का माइनस बैलेंस दिखने लगा। पीड़ित के अनुसार, 23 अप्रैल को खाते में अचानक एक लाख रुपये आए और कुछ ही देर बाद बिना उसकी जानकारी के रकम किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गई। राजू सिंह ने बताया कि 24 अप्रैल को वह यूनियन बैंक की हरहुआ शाखा में शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 

आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने खाते का स्टेटमेंट देने से इन्कार कर दिया और नया खाता खुलवाने की सलाह देकर उसे टाल दिया। साइबर थाने में भी मामला बैंक डिटेल के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहा है। पीड़ित ने वाराणसी पुलिस आयुक्त से शिकायत कर जांच कराने और खाते की पूरी जानकारी दिलाने की मांग की है। वहीं, इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंधक कुमुद कुमार ने बताया कि युवक को बृहस्पतिवार को ही अकाउंट का स्टेटमेंट दे दिया गया है। बैंक से कोई लेनदेन नहीं हुआ है। 

64 कर्मचारियों का समूह भी साफ नहीं कर पाया नाला, 45 दिन ही बचे
मानसून के 15 जून तक आने की संभावना रहती है। इसे देख 5 जून से पहले नालों की सफाई पूरी कर ली जाती है। सफाई के लिए मात्र 45 दिन बचे हैं। इस बार नगर निगम ने 64 कर्मचारियों का एक 'नाला गैंग' बनाया है। बावजूद अब तक नाला साफ नहीं हुआ है। अब तक 3 बड़े, 22 मझोले और 27 छोटे नालों की सफाई नहीं हुई है। 

नगर निगम की उदासीनता के कारण हर साल की तरह इस बार भी सफाई में देरी हो रही है। इससे जलभराव का खतरा बना हुआ है। पिछले साल सफाई के लिए 50 लाख रुपये खर्च किए गए थे। नाला मैन मशीन से सफाई शुरू कराई है। इस दौरान सिल्ट को सीधे बंद वाहनों में उठाने का काम किया जा रहा है।

अतिक्रमण का ड्रोन से सर्वे कराया जा रहा है। ज्यादातर नाला गंदगी से पटा है और अतिक्रमण भी है। ड्रोन से सर्वे के बाद अतिक्रमण हटाकर नाले की सफाई की जाएगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जल निकासी के मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही निरीक्षण कर जवाबदेही तय होगी। 

हाईकोर्ट ने सिपाही भर्ती के अभ्यर्थी को घोषित 
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल (सिविल पुलिस) भर्ती-2023 के एक अभ्यर्थी को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड की नई रिपोर्ट के आधार पर अभ्यर्थी को सेवा के लिए उपयुक्त माना है। उसे नियुक्ति पत्र जारी करने का निर्देश दिया है। 

यह आदेश न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह व स्वरूपमा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने शिवम कुमार मौर्या की विशेष अपील पर दिया है। वाराणसी निवासी याची को कान में छेद होने के कारण चिकित्सीय रूप से अनफिट कर दिया गया था। याची ने इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। एकलपीठ ने भी चिकित्सा बोर्ड के फैसले को बरकरार रखा। इसके बाद याची ने हाईकोर्ट में एकलपीठ के फैसले को विशेष अपील में चुनौती दी थी। 

चार मई को निगम कार्यकारिणी की बैठक
चार मई को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक होगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शहर के विकास की रूपरेखा तय की जाएगी। कार्यकारिणी के सदस्यों को इस आशय का पत्र परिषद कार्यालय की ओर से भेजा जा रहा है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाएंगे। इसमें आगामी महीनों में होने वाले विकास कार्यों के बाबत चर्चा की जाएगी। 

तय तारीखों पर ही होंगी भाजपा की बैठकें
भाजपा महानगर कार्यालय, गुलाब नगर में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों की बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक मंडल में मंडल की बैठक एक से सात तारीख के बीच होगी, जिसमें मंडल पदाधिकारियों के अलावा मंडल में निवास करने वाले महानगर, क्षेत्रीय और प्रदेश पदाधिकारी भाग लेंगे।

इसी प्रकार महानगर की बैठक प्रत्येक माह की एक से 15 तारीख के बीच होगी। प्रत्येक माह की 21 तारीख को शक्ति केंद्र की बैठक होना निश्चित है, जिसमें शक्ति केंद्र प्रभारी भाग लेंगे। बैठक में राहुल सिंह, अशोक पटेल, डॉ. रचना अग्रवाल, साधना वेदांती, प्रीति सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे। 

6 फीट ऊंची होगी करसड़ा प्लांट जाने वाली सड़क
करसड़ा प्लांट जाने वाली सड़क 6 फीट ऊंची होगी। प्रतिवर्ष बाढ़ के समय करसड़ा प्लांट तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इससे आवागमन एवं संचालन कार्य प्रभावित होता है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मार्ग को लगभग 6 फीट ऊंचा कर निर्माण कराने की कार्रवाई प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया। 

नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए करसड़ा प्लांट की सुचारु कार्यप्रणाली अत्यंत आवश्यक है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

इतिहास की किताबों में एकतरफा जानकारी से छात्रों में बढ़ रही बंटवारे की प्रवृत्ति
वाराणसी में बीएचयू और डीयू के प्रोफेसर्स की एक कार्यशाला में बीएचयू की इमिरेट्स प्रोफेसर और इंस्टीट्यूट ऑफ हिस्ट्री की निदेशक अरुणा सिन्हा ने कहा कि एकतरफा या गलत जानकारी परोसने से छात्रों में बंटवारे की प्रवृत्तियां जन्म ले रहीं हैं। ये भी अंदेशा जताया कि वास्तविक ऐतिहासिक संदर्भों के गुम होने का खतरा बढ़ गया है। 

उन्होंने कहा कि इतिहास की पाठ्य-पुस्तकों को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखते हुए तथ्यों, प्रमाणों और बहु-दृष्टिकोणों के आधार पर तैयार किया जाना चाहिए। बदलावों से इतिहास का एक ऐसा संस्करण पेश किया जा रहा है जो एकतरफा है और देश की बहुसांस्कृतिक विरासत की अनदेखी करता है। 

सत्ता परिवर्तन के साथ ही बदलते हैं इतिहास के कोर्स : मुख्य वक्ता डीयू के डॉ. प्रतीक कुमार ने कहा कि केंद्र में सत्ता परिवर्तन के साथ ही इतिहास के कोर्स में बदलाव देखे गए हैं। जहां एक पक्ष इसे तथ्यों का शुद्धिकरण कहता है। वहीं, दूसरा पक्ष इसे इतिहास का भगवाकरण या वैचारिक संकीर्णता का नाम देता है। डॉ. प्रतीक कुमार ने कहा कि राजनीतिक प्रभाव और कुछ निहित महत्वाकांक्षाओं के कारण किताबों के निर्धारण में भ्रामक तथ्यों को प्रमुखता दे दी गई। 

जिले के 35 से ज्यादा केंद्रों पर नीट-यूजी 
जिले के 35 से ज्यादा केंद्रों पर रविवार को नीट यूजी के पेपर कराए जाएंगे। इसमें करीब 35 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बायो मेट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा पेन पेपर मोड में ही होगी। हालांकि, एनटीए की ओर से अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक छूट से संबंधित एडवाइजरी जारी की गई है।

इसमें बताया गया है कि यदि किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक सत्यापन डिवाइस हार्डवेयर की खराबी, बायोमेट्रिक डेटा की खराब गुणवत्ता, आधार के साथ कनेक्टिविटी में विफलता, शारीरिक अक्षमता के चलते बायोमेट्रिक डेटा देने में दिक्कत आदि होने पर भी अभ्यर्थियों को परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। हालांकि, उन्हें एक लिखित पत्र देना, जिसका प्रारूप केंद्र पर ही दिया जाएगा। 

बीएचयू में देवर्षि नारद पर संगोष्ठी में पढ़े जाएंगे 50 शोध पत्र
बीएचयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में आज एक दिवसीय संगोष्ठी होगी। देवर्षि नारद और भारतीय संचार परंपरा : अतीत से वर्तमान विषय पर 50 से ज्यादा शोध पत्र पढ़े जाएंगे। सेमिनार हाॅल में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें मुख्य अतिथि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र होंगे। 

विशिष्ट अतिथि काशी नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल और समाजसेवी भाजपा नेत्री पूजा दीक्षित होंगी। आयोजन सचिव प्रोफेसर ज्ञान प्रकाश मिश्र ने जानकारी देते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी ऋषि परंपरा के संवाहक खबरों के आदि पत्रकार नारद जयंती के उपलक्ष्य में कराई जा रही है। 

प्रोफेसर मिश्र ने कहा कि यह संगोष्ठी भारतीय ज्ञान परंपरा को पत्रकारिता के क्षेत्र में प्रसारित करेगी। इससे विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने मिलेगा। साथ ही इसमें पत्रकारिता और जनसंचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। 

मॉकड्रिल: आग से बचाव के लिए स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण
कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल हुआ। सीएफओ आनंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम ने चिकित्सालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा के गुर सिखाए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी योगेन्द्र चौरसिया ने फायर एक्सटिंग्यूशर, फायर हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर सिस्टम और फायर अलार्म सिस्टम को चलाने की विधि बताई। टीम ने विद्युत फॉल्ट और शॉर्ट सर्किट से होने वाली अग्नि दुर्घटनाओं के कारणों और बचाव के उपायों की भी जानकारी दी। एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार और एमएस डॉ. अभिषेक राय के साथ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मुकुंद श्रीवास्तव, डॉ. मृदुला मल्लिक, डॉ. एसपी सिंह और डॉ. सत्येन राय मुख्य रूप से शामिल रहे। 

किसानों की समस्याओं के लिए अखिलेश यादव से मिले सपा नेता
वर्ल्ड सिटी एक्सपो टाउनशिप योजना का विरोध बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेता महेंद्र यादव शुक्रवार को लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की और किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। महेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि इस योजना के नाम पर किसानों की जमीन जबरन अधिग्रहित करने की तैयारी है। 

राजस्व विभाग की टीमें समय-समय पर गांवों में पहुंचकर भूमि का सीमांकन कर रही हैं, किसानों को संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा। योजना से हरहुआ क्षेत्र के 10 गांवों के किसान प्रभावित हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वाराणसी में वर्ल्ड सिटी बनाने की बात की जा रही है, लेकिन आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने मदद का आश्वासन दिया है। 

अन्नपूर्णा देवी की जन्म शताब्दी पर आज सुर-साज से करेंगे नमन
अन्नपूर्णा देवी के जन्म शताब्दी पर अन्नपूर्णा देवी फॉडेशन एवं श्रीनागरी नाटक मंडली ट्रस्ट की ओर से दो दिवसीय संगीत महोत्सव शनिवार से शुरू होगा। नागरी नाटक मंडली में शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. संजय मेहता और सचिव डॉ. अजीत सैगल ने पत्रकारों को बताया कि पद्मश्री पं. तरुण भट्टाचार्य का संतूर, देवाशीष डे, डॉ. रागिनी सरना का गायन, पं. नित्यानंद, पं. एल शंकर, सानिया पाटनकर का गायन होगा। 

एप आधारित व्यवस्था का कांग्रेस ने किया विरोध
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में एक मई से लागू की जा रही एप आधारित व्यवस्था पर कांग्रेस पार्टी ने विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बयान जारी कर इसे आस्था पर प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दरबार को व्यापार का केंद्र बनाने की कोशिश की जा रही है।

इसे काशी की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में प्रवेश का अधिकार हर भक्त को समान रूप से मिलना चाहिए न कि एप और प्रशासनिक अनुमतियों के आधार पर। यदि यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी, काशीवासी, संत समाज व्यापक जन आंदोलन करेंगे। काशी की पहचान उसकी आध्यात्मिक गरिमा, सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपरा, घंटों की ध्वनि, गंगा की आरती और बाबा विश्वनाथ की कृपा से है। इसे मोबाइल एप, बाजारी मानसिकता से नहीं चलाया जा सकता। 

हस्तशिल्पी स्टेट अवाॅर्डी घनश्याम शर्मा का निधन
काष्ठकला के शिल्पी स्टेट अवॉर्डी घनश्याम शर्मा (58) वर्ष का सिगरा के निजी अस्पताल में बुधवार को निधन हो गया। पिछले दिनों उनकी बाईपास सर्जरी हुई थी। अचानक तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। कतुआपुरा निवासी घनश्याम शर्मा सात भाइयों में सबसे बड़े थे। निधन पर हस्तशिल्पियों ने दुख जताया। भाई ओमप्रकाश शर्मा ने शोक जताया। घनश्याम शर्मा की बनाई गई कलाकृति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया है। कलाकृति ने विदेशों तक अपनी पहचान बनाई है। 

निषादों में जब तक दलाल, तब तक वे दलदल में रहेंगे : डॉ. संजय निषाद
निषाद पार्टी ने शुक्रवार को कचहरी के बाहर शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी संस्थापक और प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने जनसभा के जरिये निषाद समाज को संगठित करने, आरक्षण और अधिकारों के मुद्दे को मजबूती से उठाने की बात कही।

प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ाने के लिए उसका शिक्षित और जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक दलितों में दलाल थे तब तक दलित दलदल में थे। निषादों में जब तक दलाल रहेंगे, तब तक वे दलदल में रहेंगे। हम समाज को खड़ा कर रहे हैं, जो लोग अधिकार छीनने वाले हैं, इनका पर्दाफाश होना चाहिए। 

अनुसूचित जनजाति के बच्चों को शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहाकि पिछड़ा वर्ग के नाम पर लोग राजनीति करते हैं, लेकिन पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन पीएम मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दलितों, महिलाओं और निषाद के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि केवट, मल्लाह, मांझी और अन्य समुदायों अनुसूचित जाति के हकदार हैं।

निजीकरण और डग्गामारी के खिलाफ रोडवेज कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
यूपी रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर शुक्रवार को गाजीपुर डिपो में परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। ट्रैफिक, स्टेशन और कार्यशाला शाखा के कर्मचारियों ने अरविंद कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक सभा आयोजित की। इसमें निगम के निजीकरण की कोशिशों और सड़कों पर बढ़ती अवैध डग्गामारी के खिलाफ जाराजगी व्यक्त की। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि 19  तक उनकी मांगों पर शासन और निगम प्रबंधन द्वारा कोई संतोषप्रद निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन तेज होगा। 

चाय पर चर्चा में तय हुई दो साल की कार्ययोजना
पांडेयपुर स्थित एक होटल में काशी जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें चाय पर चर्चा के दौरान आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार की गई। मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल जाजोदिया ने बैठक में कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में नेतृत्व क्षमता को निखारना है। बैठक के दौरान वर्ष 2026-28 के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया और उनके उत्तरदायित्व तय किए गए। बैठक में पंकज अग्रवाल, वरुण मूंदड़ा, अनिल रस्तोगी मौजूद रहे। 

150 मरीजों के दांतों का हुआ इलाज
सामाजिक संस्था कामाख्या सेवा संस्थान के ओर से शुक्रवार को लहरतारा स्थित एक स्कूल में नि:शुल्क दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 150 बच्चों और वयस्कों के दांतों की जांच की गई। डेंटिस्ट डॉ. साक्षी मौर्या ने सभी मरीजों के दांतों की जांच कर उन्हें दवा दी। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य आशीष वर्मा, बबली ओझा, रुचि शाह, मोनिका गुजराती मौजूद रहे। 

शंकराचार्य गोरखपुर हुए रवाना कल से निकाली जाएगी गोयात्रा
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को देर शाम गोरखपुर के लिए रवाना हो गए। वह तीन मई को गोयात्रा निकालेंगे। 81 दिवसीय गोयात्रा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में जाएगी। इस दौरान शंकराचार्य सभाएं कर सनातनियों को गोरक्षा और गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने के लिए जागरूक करेंगे।

श्रीविद्यामठ में पत्रकारों से बातचीत में शंकराचार्य ने कहा कि गोमाता के प्राणों की रक्षा के लिए जितने प्रयास भारत में किए जा रहे हैं, अगर उतने प्रयास पाकिस्तान में भी होते तो वहां भी गोमाता के प्राणों की रक्षा के साथ उन्हें राष्ट्रमाता घोषित कर दिया जाता। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि हमारे देश में हिंदूवादी कहने वाली सरकारों को इसकी परवाह नहीं है। 

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर गोमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्य माता घोषित कर उनके प्राणों की रक्षा करने में सरकार के सामने क्या कठिनाई है। शंकराचार्य ने कहा कि गोमाता की रक्षा एवं प्रतिष्ठा के लिए सरकार को स्वयं संज्ञान लेकर कानून बनाना चाहिए। जब लोकतंत्र में हर जगह बहुमत से निर्णय होता है तो गोमाता की रक्षा के लिए देश का बहुमत बार-बार निवेदन कर रहा है।

कृष्ण-सुदामा जैसी मित्रता से सीखने की जरूरत
श्रीधाम वृंदावन से आए भागवत मर्मज्ञ डॉ. संजय कृष्ण 'सलिल' ने कहा कि मित्रता हो तो कृष्ण-सुदामा जैसी होनी चाहिए। निर्धन होने पर भी भक्ति कैसी की जाती है, यह हमें सुदामा चरित्र से सीखने को मिलता है। शुक्रवार को रथयात्रा स्थित कन्हैयालाल स्मृति भवन, दाऊजी उपवन में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के वंश का विस्तारपूर्वक व्याख्यान किया। कहा कि हर रानी से 10-10 पुत्र और एक-एक कन्या हुई। रुक्मिणी के पुत्र का नाम प्रद्युम्न था, जिनका विवाह रति के साथ हुआ। कथाव्यास ने शुकदेव जी की विदाई, महाराजा परीक्षित को मोक्ष और सात दिनों की कथा का सूक्ष्म रूप से व्याख्यान किया। 

टूरिज्म गिल्ड ने सेवा शिविर में बांटा शरबत
बुद्ध पूर्णिमा पर सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार के पास वाराणसी टूरिज्म गिल्ड की ओर से एक सेवा शिविर लगाया गया, जिसमें सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक पर्यटकों को गुड़ और शरबत बांटा गया। इस दौरान देश-विदेश से आए हजारों पर्यटकों और बौद्ध उपासक-उपासिकाओं को गर्मी के बीच राहत मिली। गिल्ड के अध्यक्ष सुभाष कपूर ने बुद्ध पूर्णिमा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन समस्त बौद्ध अनुयायियों के लिए अत्यंत पवित्र है। इस दौरान सचिव सौरभ पांडेय, रंजीत श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, जैनेन्द्र राय, कुबेर, राजन कुलदीप समेत कई लोग मौजूद रहे। 

जयंती पर विचार और काव्य की संध्या
मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में शुक्रवार को आनंद परमानंद जयंती पर विचारों और काव्य की संध्या सजी। जनकवि आनंद परमानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। हिंदी विद्वान प्रो. श्रद्धानंद, डॉ. मधुकर मिश्र, डॉ. इंदीवर, साहित्यकार डॉ. राम सुधाकर सिंह और बीएचयू के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. बलराज पांडेय ने आनंद परमानंद के साहित्यिक योगदान और जनहितैषी सरोकारों पर चर्चा की।

स्मृति सत्र में शतरुद्र प्रकाश और टीकाराम शर्मा ने अपने संस्मरण साझा किए। काव्य गोष्ठी में काव्यांजलि के अंतर्गत कवियों ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का प्रभावशाली पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। काव्य पाठ के दौरान संवेदना, व्यंग्य, प्रेम और सामाजिक यथार्थ के विविध रंग देखने को मिले। 

बरेका में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
बरेका स्थित सूर्य सरोवर परिसर में 2570वीं त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव-2026 मनाया गया। दीपदान, बुद्ध वंदना, उनके जीवन पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी और कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने संध्या दीप प्रज्वलन कर बुद्ध वंदना की। बुद्ध के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र और उनके उपदेशों पर केंद्रित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन) राम जनम चौबे आदि उपस्थित रहे। 

गुजरात दिवस पर विद्यापीठ में गरबा
गुजरात दिवस के मौके पर शुक्रवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में पदयात्राएं, गरबा नृत्य, फैशन शो आयोजित किए गए, जबकि संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। विद्यापीठ के नाट्य कला विभाग और ललित कला विभाग के विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य प्रस्तुत कर गुजरात की संस्कृति, कला और संगीत का प्रदर्शन किया। गुजराती फ्यूजन थीम पर फैशन शो भी हुआ। विद्यापीठ में कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और संस्कृत विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। 
विज्ञापन

सफाई कर्मचारियों का हुआ सम्मान
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ की ओर से मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश ने रामनगर जोन में मजदूरों का सम्मान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद बाल्मीकि ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। 25 सफाई कर्मियों का माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। मनोनीत पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। रामनगर जोन में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को आज तक एसीपी नहीं मिला है। कई सफाई कर्मचारी सेवानिवृत्ति के करीब हैं। संचालन डॉ. कुंती आनंद ने किया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें