चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में बुधवार को पुलिस चौकी के सामने 33 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। युवक निजी रूप से बिजली मैकेनिक का काम करता था । युवक की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने पुलिस चौकी के सामने हंगामा मचा दिया। बाद में परिजनों से प्रार्थनापत्र लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
सेवड़ी हुदहुदीपुर निवासी जितेंद्र राम (40) निजी रूप से बिजली मैकेनिक का कार्य करता था। मोहरगंज में मंगलवार को बिजली विभाग के जेई द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान कई लोगों की सप्लाई काट दी गई थी, इसमें एक दुकानदार की भी बिजली काट दी गई थी। बुधवार को दुकानदार ने खंभे पर कनेक्शन जोड़ने के लिए जितेंद्र को बुलाया था। जितेंद्र पुलिस चौकी से सटे खंभे से केबिल खींचकर पेड़ पर चढ़ गया । इस दौरान वहां से गुजरी 33 हजार वोल्ट तार की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में वह जलते हाल में ऊपर से नीचे गिर गया । इस दौरान वहां मौजूद पुलिस चौकी अमित सिंह ने एंबुलेंस की मदद से उसे चहनिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया । जिला अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही युवक ने दम तोड़ दिया। बाद में डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में हाहाकार मच गया । वहीं दूसरी तरफ दुकानदार मौके से फरार हो गया। इस संदर्भ में प्रभारी थाना इंचार्ज अवध बिहारी यादव ने बताया की परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
इनसेट
पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया
जितेंद्र राम की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जितेंद्र परिवार का घर इकलौता कमाऊ सदस्य था। बिजली का काम कर अपने सहित आठ सदस्यों का पेट भरता था। जितेंद्र की पांच पुत्रियां तुलसी, काजल, आकांक्षा, अंकिता, ज्योति हैं। वहीं एक पुत्र रचित है। इनके सिर से असमय पिता का साया उठ गया। सभी बच्चों की चीत्कार से पूरा गांव रो पड़ा। पत्नी मीरा बार-बार बेसुध हो जा रही थी। उसके सामने समस्या यह है कि अब परिवार का खर्च कौन चलाएगा।