मुगलसराय में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदान के लिए लोगों को जागरूक करते यंग लॉयर्स सोसायटी के सदस्य।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कारगिल विजय दिवस पर 26 जुलाई को पूर्व मध्य रेलवे मंडलीय लोको चिकित्सालय मुगलसराय में सुबह 10 बजे से आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की सफलता के लिए स्वयंसेवी संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। यंग लायर्स सोसायटी के सदस्यों ने शनिवार को नगर में जागरूकता अभियान चलाया। सदस्यों ने लोगों को शिविर के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
यंग लायर्स सोसायटी के सदस्यों ने लाल बहादुर शास्त्री कटरा, शाहकुटी, कसाब महाल, काली महाल सहित अन्य इलाकों में लोगों को रक्तदान के लिए स्लोगन लिखी पर्चियां वितरित कीं।
सदस्यों ने बताया कि देश में नाको, रेडक्रास जैसी संस्थाएं भी रक्तदान के प्रति जागरूक कर रही हैं लेकिन यह सभी प्रयास तभी सार्थक होंगे जब हम सभी रक्तदान के लिए आगे आएंगे। अभियान में सोसायटी के अध्यक्ष हाजी खालिद वकार आबिद, प्रभाकर सिंह, रामू गुप्ता, चंदन कुमार, नुवुल हक, इश्तियाक अहमद, अरमान हुसैन और याकूब अंसारी आदि शामिल रहे।
जब-तब कानों में गूंजता है थैंक यू
चार बार रक्तदान कर चुके कैलाशपुरी निवासी रितेश उपाध्याय बताते हैं कि पहली बार 18 वर्ष की उम्र में अपने दादा को खून दिया था। उनकी जान बच गई। यह लम्हा कभी नहीं भूलने वाला है।
इसी तरह अपने एक परिचित के कहने पर 21 वर्ष की उम्र में ब्लड कैंसर से पीड़ित ऐसी महिला को खून दिया, जिसे जानता भी नहीं था। इससे उसको नई जिंदगी मिल गई। अनजान महिला के मुंह से निकले थैंक यू शब्द आज भी मेरे कानों में गूंजते हैं। यह अनुभव हर किसी को महसूस करना चाहिए।