हर घर को नल से जल योजना में लापरवाही और भ्रष्टाचार की शिकायत पर जल निगम के एक्सईएन को निलंबित कर दिया गया है। शासन स्तर पर जल निगम के एक्सईएन अमन यादव के निलंबन की खबर से जिले में खलबली मची है।
एक्सईएन के निलंबन की कार्रवाई उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक डॉ. बलकार सिंह ने किया है। आरोप है कि चंदौली में संचालित जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से जल योजना में एक्सईएन ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की है। इसके चलते मामला शासन तक पहुंचने के बाद उन्हें निलंबित किया गया। चंदौली में तैनात जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता अमन यादव ने अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का पालन ठीक ढंग से नहीं किया। उनका अपने अधीनस्थों पर कोई नियंत्रण नहीं था। सरकार की ओर से चलाई जा रही जल जीवन मिशन के कार्यों का समय से निरीक्षण करना भी उन्होंने उचित नहीं समझा। इसके अलावा योजना से जुड़ी फर्मों के भुगतान को लेकर भी एक्सईएन उदासीन बने रहे। इसके अलावा एक्सईएन पर धन उगाही के संबंध में भी शासन स्तर पर शिकायतें की गई थी। जल जीवन मिशन के तहत कराए जा रहे कार्यों में पाइप लाइन को कम गहराई पर डलवाने की भी शिकायत हुई थी।