पीडीडीयू नगर के पूर्वी बाजार मिड डे मील में मिला कीड़ा। स्रोत:-जागरूक पाठक
पीडीडीयू नगर। नगर के पूर्वी बाजार स्थित कंपोजिट विद्यालय में शुक्रवार को बच्चों को मिड डे मील में परोसे गई तहरी में कीड़े मिले। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने भोजन का वितरण रोक दिया।
अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद भोजन फेेंक दिया गया। विद्यालय में एनजीओ के माध्यम से मिड डे मील की सप्लाई होती है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को मामले की जांच का आदेश दिया है।
कंपोजिट विद्यालय में लगभग 200 बच्चे पढ़ते हैं। शुक्रवार को रसाेइये ने बच्चों को तहरी परोसी। कक्षा छह के छात्र सुजीत थाली में परोसी गई तहरी में कीड़े रेंगते दिखे। यह देख छात्रों ने खाना खाने से इन्कार कर दिया।
रसोइये ने सूचना प्रभारी प्रधानाचार्य को दी। इसके बाद प्रधानाचार्य ने खाने का वितरण बंद करा दिया। थोड़ी सी तहरी को नमूने के रूप में रखकर बाकी खाने को फेंक दिया गया। बच्चों और रसोइये ने बताया कि पहले भी दो बार खाने में कीड़े मिल चुके हैं।