दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत चंधासी कोयला मंडी में सोमवार की देर रात दो ट्रकों के बीच दबने से सोनभद्र निवासी मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मजदूर के साथियों ने हो हल्ला किया। पुलिस ने मृत मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार वालों को सूचित किया गया है। एशिया की सबसे बड़ी कोयला मंडी में सोमवर की रात 11 बजे एक डिपो में कोयला अनलोड करने के लिए दो ट्रक पहुंचे थे। एक ट्रक खाली हो जाने के बाद उसे खड़ा कर मजदूर बिहारी (35) निवासी सोनभद्र के माची थाने के चारी गांव निवासी ट्रक का डाला बंद करने लगा। इसी बीच कोयला लदा दूसरा ट्रक को चालक बैक करने लगा। इस चक्कर में खाली ट्रक से टक्कर हो गई और डाला बंद कर रहा मजदूर बिहारी दो ट्रकों के बीच दब गया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। साथी मजदूरों ने शोर मचाया और बिहारी को निकाला। उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पूर्व घटना के बाद वहां से भाग रहे दूसरे ट्रक के चालक ध्यान चंद यादव की साथी मजदूरों ने पिटाई कर दी। मजदूरों ने मृतक युवक के परिवार को मुआवजा देने के लिए हो हल्ला किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मजदूरों को समझा बुझाकर शांत कराया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृत मजदूर के परिवार वालों को भी सूचित किया गया है। वहीं मजदूर की मौत के गम में मंगलवार को दोपहर तक चंदासी मंडी बंद रही।