पड़ाव । मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में ट्रैक्टर से धक्का लगने पर बिजली का पोल टूट कर गिर गया। इससे आधे गांव की बत्ती गुल हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव में हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पूरी रात क्षेत्र में मिट्टी व बालू का अवैध खनन होता है। वहीं चालक ट्रैक्टर से अधिक फेरे लगाकर ज्यादा रुपये कमाने के चक्कर में वाहन तेज रफ्तार में चलाते है। इसी वजह से हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से खनन माफिया के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई करने की मांग की है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में सोमवार की रात ट्रैक्टर के धक्के से पोल टूटकर गिर गया। इससे नाराज लोगों ने मंगलवार को खनन माफियाओं के खिलाफ हंगामा किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रात में दस बजते ही कई जेसीबी के साथ ट्रैक्टर खनन के लिए गंगा किनारे पहुंच जाते हैं। इसके बाद पूरी रात धड़ल्ले से खनन होता है। बालू को ढोने के लिए पूरी रात ट्रैक्टर सड़क पर दौड़ते रहते हैं। पिछले दिनों ग्रामीणों ने इसकी लिखित शिकायत भी जिला प्रशासन से की थी लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इस दौरान वरुण यादव, दुर्गा मिश्रा, अभिषेक यादव, डब्लू यादव, कृष्णा यादव, अंगद यादव, अच्छेलाल पांडे, हरि कांत मिश्रा, बबलू यादव, कलावती देवी, त्रिलोक यादव, मुंशी यादव, शिवम रहे।