कंदवा के असना में जच्चा बच्चा केंद्र तक चल रहा सीसी रोड व नाली का कार्य। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर/कंदवा। बरहनी ब्लॉक के असना गांव में जच्चा बच्चा केंद्र तक जाने वाले मार्ग पर सीसी रोड और नाली का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह की विधायक निधि से 10.54 लाख से 175 मीटर लंबी, साढ़े तीन मीटर चौड़ी सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाएगा। असना गांव में यह सड़क वर्ष 2005-06 में बनवाई गई थी। इसके बाद कभी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। रास्ता खराब होने के कारण जच्चा-बच्चा केंद्र आने वाली महिलाओं और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
भाजपा विधायक सुशील सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इससे जच्चा-बच्चा केंद्र आने में लोगों को सहूलियत होगी।