कंदवा के करौती में शौचालय की मांग को लेकर प्रदर्शन करती महिलाएं।
- फोटो : CHANDAULI
कंदवा। एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकार हर घर में शौचालय होने का दावा कर रही है वहीं दूसरी ओर शौचालय न मिलने से खुले में शौच जाने को विवश बरहनी विकास खंड के ककरैत ग्रामसभा के करौती गांव की महिलाओं ने बृहस्पतिवार की शाम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन को बाध्य होंगी।
महिलाओं का आरोप था कि गांव में मात्र 18 शौचालय बनाए गए हैं। उनमें भी ज्यादातर अपूर्ण अथवा निष्प्रयोज्य पड़े हैं। गांव के कई पात्र अभी भी वे शौचालय से वंचित हैं। उनके लिए शासन की महत्वाकांक्षी योजना मात्र दिवास्वप्न बनकर रह गई है। वे प्रतिदिन खुले में शौच को जाने को विवश हैं। कर्मनाशा नदी के तटवर्ती व जिले के अंतिम छोर पर बसे गांव की महिलाएं खुले में नदी के किनारे शौच के लिए जाती हैं। इसमें जंगली जानवरों के आक्रमण का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए शीघ्र पात्र लोगों को चिन्हित कर शौचालय निर्माण कराए जाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में मीरा, मंजू, धर्मशीला, सुशीला, फूलमती, सरिता, कमला, सूरजी, मुमताज, लौंगी, शमीना, टेंगरी, पप्पू, रामगति आदि शामिल रहे।