नौगढ़ में डीएम व एसपी का घेराव करती महिलाएं। संवाद
- फोटो : मंदिर के बाहर जुटी लोगों की भीड़। स्रोत : पुलिस
स्थानीय तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद शुक्रवार को बाहर निकलने पर डीएम चंद्रमोहन गर्ग का क्षेत्र के विभिन्न गांवों की महिलाओं ने घेराव किया। महिलाओं ने कहा कि वनांचल के पथरौर, सेमर साधोपुर और जमसोत आदि गांवों में न सड़क है और न ही पानी। मगरमच्छ तक घरों में घुस जाते हैं। लगातार इसकी शिकायत की जा रही है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं औरवाटांड बांध में पानी भर जाने से खेत डूब चुके हैं। ग्रामीणों ने मनरेगा योजना में फर्जी भुगतान का आरोप लगाया। सेमर साधोपुर की महिलाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पिछले एक साल से अध्यापक नहीं आते। केवल रसोइया विद्यालय खोलती है, खाना बनाती है और चली जाती है। ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद डीएम चंद्रमोहन गर्ग ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने एसडीएम विनय मिश्रा को निर्देशित किया कि गांव का भ्रमण कर समस्याओं का निस्तारण करें और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के लिए भेजा जाए। इस दौरान नर्मदा, पार्वती, संगीता, सावित्री, सुरसती, बसंती, बिंदू, हरगेंद, नागेंद्र, राम प्यारे मौजूद रहे।