अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम घाटमपुर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर से कुचलकर बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे पति व पुत्र घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
चंदौली जिले के चकिया मुरैया गांव निवासी सर्वेश यादव (40) पुत्र रामराज अपनी पत्नी सीमा (35) और पुत्र अंकित (9) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहे थे। बृहस्पतिवार की शाम जैसे ही घाटमपुर के पास पहुंचे कि तभी सीमेंट लोडकर दक्षिणांचल की ओर जा रही तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति सर्वेश यादव व पुत्र अंकित यादव बाइक से छिटक कर दूर जाकर गिरे। जिससे वह घायल हो गए पर सीमा ट्रेलर के टायर के नीचे आ गई। इससे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल पति व पुत्र को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मृतक पत्नी सीमा यादव के शव को कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। चालक हिरासत में लेकर ट्रेलर कब्जे में लिया गया।