पीडीडीयू नगर। देवी उपासकों का महापूर्व चैत्र नवरात्र के चौथे दिन भक्तों ने शुक्रवार को माता के चौथे स्वरूप माता कुष्मांडा की पूजा अर्चना की। भक्तों ने माता की विधि विधान से पूजा अर्चना कर अभीष्ट की कामना की। सुबह से शाम तक माता के मंदिर पर जयकारे के बीच घंट घड़ियाल की आवाज गूंजती रही। नगर सहित पूरे जिले में नवरात्र की धूम है। नगर के कैलाशपुरी, नई बस्ती, रविनगर, जीटी रोड, शाहकुटी, न्यू महाल, काली महाल, गल्ला मंडी, एलबीएस कटरा, चतुर्भुजपुर, अलीनगर, परशुरामपुर इलाकों के साथ रेलवे के आरपीएफ कॉलोनी, गया कालोनी सहित अन्य कॉलोनियों में स्थित देवी मंदिरों पर शुक्रवार की सुबह से ही दर्शन पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। देवी उपासकों ने माता के चरणों में फल, फूल, धूप, दीप, नैवेद्य अर्पित किया। माता की भव्य आरती उतारी और जयकारे लगाए। इस दौरान देवी मंदिरों पर लाउडस्पीकरों से भक्ति गीतों का प्रसारण किया गया। देर शाम महिलाएं मंदिरों पर पहुंची। दीप प्रज्ज्वलित किया और इसके बाद हारमोनिय, ढोल, झाल आदि लेकर भक्ति गीत सुनाए। इससे माहौल भक्तिमय बना रहा। घरों में भी स्थापित कलश में मां के चौथे स्वरूप माता कुष्मांडा की पूजा अर्चना की गई। पुरोहितों ने दुर्गा सप्तशती का पाठ किया। वहीं घर के व्रतियों ने भी दुर्गा चालीसा, विंध्यवासिनी चालीसा, दुर्गा महात्म्य आदि का पाठ कर अभीष्ट की कामना की। इसके पूर्व माता की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई।