चंदौली। नवीन मंडी परिसर में 61.88 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय मछली बाजार का ढांचा लगभग तैयार हो गया। अब 12 करोड़ रुपये से बिजली की व्यवस्था की जाएगी। तीन मंजिला भवन में 13 लिफ्ट, पांच हाईमास्ट लाइटें, 200 केवीए का ट्रांसफर्मर, चार जेनरेटर और 100 किलोवाट का सोलर प्लांट लगाया जाएगा।
मत्स्य विभाग की ओर से स्टेट ऑफ आर्ट होलसेल फिश मार्केट का निर्माण कराया जा रहा है। दिसंबर तक तीन मंजिला भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद 12 करोड़ रुपये की लागत से बिजली का प्रबंध किया जाएगा। तीन मंजिला भवन में 884 किलो भार क्षमता की 13 लिफ्ट, आंतरिक और बाहरी प्रकाश के लिए पांच हाईमास्ट लाइटें और 100 किलो वाट का सोलर प्लांट लगाया जाएगा। बिजली कटने पर आपूर्ति जारी रखने के लिए चार जेनरेटर लगाए जाएंगे।
सहायक निदेशक मत्स्य रविंद्र प्रसाद ने बताया कि तीन मंजिला भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद बिजली का काम कराया जाएगा। मार्च 2025 तक होलसेल फिश मार्केट तैयार हो जाएगा।
फिश मार्केट की होलसेल बिल्डिंग में 81 और रिटेल बिल्डिंग में 30 दुकानें होंगी। इससे जहां 1500 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, कारोबारियों को एक छत के नीचे सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फिश रेस्टोरेंट, कांफ्रेंस हॉल और प्रोसेसिंग यूनिट समेत कई सुविधाएं होंगी।