इलिया। मंदिर में प्रेमी ने शादी से इन्कार कर दिया तो युवती ने खुद को ही आग लगा ली। पुजारी और ग्रामीणों ने उसे बचाया। आंशिक रूप से जली युवती को वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
इलिया थाना के सीहर गांव स्थित सिहोरिया देवी मंदिर में शहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी युवती शनिवार की दोपहर एक युवक के साथ पहुंची। मंदिर पर युवक के साथ आई युवती उस पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया तो युवती ने खुद को आग लगा ली। अचानक युवती को जला देखकर पुजारी और मौके पर मौजूद ग्रामीण पहुंचे और आग बुझाकर उसे किसी तरह बचाया।
उसे तुरंत स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। वहां आरंभिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि आंशिक रूप से जली युवती खतरे से बाहर है, फिलहाल इलाज हेतु बीएचयू भेजा गया है। इस मामले में किसी भी तरफ से कोई तहरीर नहीं पड़ी है।