क्षेत्र के पड़ाव-बहादुरपुर-भूपौली जर्जर मार्ग का निर्माण कार्य न किए जाने से नाराज व्यापारियों ने शनिवार को जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि शीघ्र मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया तो हम सभी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
बता दें मार्ग के निर्माण के लिए जनवरी माह में भी व्यापारियों ने चक्काजाम किया था। जिस पर जिला प्रशासन ने फरवरी माह तक मार्ग का निर्माण करा देने का आश्वासन लोगों को दिया था। इस मार्ग का नापी के लिए राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल के भाई विधायक महेंद्र पटेल अधिकारियों के साथ आकर मार्ग के निर्माण के लिए आए थे और व्यापारियों को आश्वस्त किया था कि फरवरी माह में मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
व्यापारियों का कहना है कि चार माह बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं शुरू कराया गया। जिला प्रशासन व्यापार चौपट करने पर तुला हुआ है। बताते चलें कि इसी मार्ग से होते हुए प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री भूपौली, बलुआ, चहनियां, टांडाकला, कैथी को जाते हैं और शाम के समय पड़ाव के दर्जन भर गांव के लोग रोजमर्रा के वस्तुओं की खरीदारी करने के लिए जाते हैं। व्यापारियों ने चेताया कि यदि मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र नहीं कारया गया तो दोबारा चक्काजाम करने को बाध्य होंगे। इस दौरान सुदर्शन, संतोष जायसवाल, भोलू, अशोक जायसवाल, अंगद यादव, प्रमोद, प्रकाश, राकेश, राजेंद्र आदि शामिल रहे।