यूनियन बैंक आफ इंडिया की मजिदहां शाखा में राशन कार्ड के लिए खाता खोलने
में हीलाहवाली से गुस्साई महिलाओं ने मंगलवार की पूर्वाह्न बैंक के समीप
चहनिया-सैदपुर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
सूचना पर पहुंचे
मारुफपुर चौकी इंचार्ज रामनरेश उपाध्याय ने शाखा प्रबंधक से बातचीत कर
महिलाओं को समझाया-बुझाया। इसके बाद ग्यारह बजे से चल रहा जाम अपराह्न एक
बजे समाप्त हुआ।
विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना रहा कि शाखा
में पिछले बीस दिनों से मात्र 5 से 10 खाते खोलकर अपराह्न एक बजे खाता
खोलने का कार्य बंद कर दिया जा रहा है।
तत्पश्चात पुन: दूसरे दिन आने की
बात कहकर महिलाओं को लौटा दिया जा रहा है। यह समस्या कई दिनों से चल रही
थी। उन्होंने कहा कि इससे आजिज आकर यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
करीब दो घंटे तक चले सड़क जाम से लोगों को आवागमन करने में भारी परेशानियों
का सामना करना पड़ा।
कई लोग रास्ता बदलकर अपने गंतव्य तक पहुंचे।
सूचना के
बाद मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने शाखा प्रबंधक से बातचीत कर सभी
महिलाओं को खाता खोलने के लिए फार्म का वितरण कराया और घर से भरकर लाने को
कहा।
इसके बाद जाम खत्म हो गया।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक अमित वियानी
ने बताया कि स्टाप की कमी के कारण खाता खोलने में काफी दिक्कतें आड़े आ
रही हैं। कहा कि सुबह 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक जितना फार्म भरवाया जा
सकता है, उतना भरकर खाता खोल दिया जाता है।
प्रदर्शन के दौरान
इन्द्रावती, उर्मिला, अंशु, चमेला देवी, लालमनी, ममता देवी, लक्षना,
पार्वती, रीमा, दुलारी, लक्ष्मीना के साथ काफी पुरुष भी शामिल रहे।