चकिया। बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान यास के कारण हुई बरसात से जिला संयुक्त चिकित्सालय के एल-2 अस्पताल परिसर में पानी भर गया है। इससे वहां मच्छरों के प्रकोप के साथ संक्रामक रोग रोगों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। चिकित्सालय परिसर से पानी निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण हल्की सी बारिश में भी परिसर में पानी भर जाता है। जिला संयुक्त चिकित्सालय के एल -2 हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सालय में सुविधाओं को बेहतर करने के लिए काफी प्रयास किये जा रहे हैं। यहां ऑक्सीजन प्लांट, निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सहित कई चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि अस्पताल के पीछे गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पानी निकासी की व्यवस्था सहीं नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही परिसर में पानी भर जाता है। वहीं आसपास स्वास्थ्यकर्मियों के लिए आवास भी है। जलभराव के चलते स्वास्थ्यकर्मियों को भी आने जाने में काफी परेशानी होती है। मच्छरों के पनपने का खतरा भी काफी बढ़ गया है। इस संबंध में सीएमएस डॉ. अजय कुमार गौतम ने कहा की चिकित्सालय परिसर में पानी निकासी तथा साफ सफाई के बेहतर इंतजाम जल्द ही कर लिए जाएंगे।