पीडीडीयू नगर। चक्रवाती तूफान ‘यास‘ की वजह से वैसे तो उड़ीसा, भागलपुर, पटना से चलने वाली महत्वपूर्ण ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। बावजूद इसके जो ट्रेनें चली वह तेज बारिश की वजह से बाधित हुई। रेल ट्रैकों पर जगह जगह पेड़ गिरने, ओएचई वायर टूटने की वजह से ट्रेनों का आवागमन बाधित हुआ है। हालांकि रेलवे की सतर्कता की वजह से अधिक बाधा नहीं उत्पन्न हो रही है। अधिकतर दिककत पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर, धनबाद और सोनपुर मंडल में आई। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि तूफान के कारण समस्तीपुर मंडल के मझौलिया और बेतिया रेलखंड के बीच भोर में 03.55 बजे एक पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। इससे एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। इसी तरह धनबाद मंडल के पारसनाथ और निमियाघाट स्टेशन के बीच सुबह साढ़े नौ बजे तक डाउन लाइन पेड़ गिरने के कारण बाधित रहा। इससे गया आसनसोल स्पेशल ट्रेन पारसनाथ स्टेशन पर खड़ी रही। सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड में अत्यधिक बारिश के कारण सुबह 04.05 बजे से 07.50 बजे तक अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। वहीं सुबह 06.50 बजे डाउन लाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन रोकना पड़ा। 07.50 बजे बारिश के कारण ओएचई में खराबी आ गई, इसे 12.15 बजे ठीक हुआ। इस वजह से भागलपुर जम्मूतवी, जयनगर अमृतसर, हावड़ा काठगोदाम एक्सप्रेस, दरभंगा नई दिल्ली, बाड़मेर गुवाहाटी स्पेशल सहित 11 जोड़ी ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रही।