मुगलसराय विधायिका के गोद लिए नियामताबाद विकासखंड के मढ़िया गांव में जलनिकासी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों व विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में सेक्रेट्री व ग्राम प्रधान के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गांव को वर्ष 2018 में मुगलसराय की विधायिका ने गोद लिया था। इससे गांव का कायाकल्प होने की उम्मीद जगी थी लेकिन अब वह धूमिल होने लगी है। गांव के मुख्य मार्ग पर पानी निकासी की व्यवस्था व मार्ग निर्माण न होने से उन्हें गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य मार्ग का निर्माण लगभग 20 वर्ष पूर्व कराया गया था। वहीं गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं कराया गया। इससे मुख्य मार्ग पर हमेशा पानी भरा रहता है।
बरसात के दिनों में तो स्थिति और नारकीय हो जाती है। बरसात शुरू हो जाने से मार्ग से होकर आवागमन करने में ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चे, वृद्ध व महिलाएं पानी भरे रास्ते पर गिर कर चोटिल हो जा रहे हैं। सूचना पर पहुंचे सेकेट्री दिनेश सिंह व प्रधान प्रतिनिधि फरेस यादव के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। प्रदर्शन करने वालों में सीमा पांडेय, अहिल्या सेठ, बसंती देवी, गीता, तारा, कलावती, कुंती, सेचना, शुभम यादव, राकेश सेठ, प्रदीप यादव, कैलाश पटेल, रिंकू पटेल, विनोद पटेल, रामजग पटेल, पिंटू बघेल, मुन्ना पासवान, आरफीन खान, डा. आर कुमार, संतोष वर्मा, सम्मन यादव आदि शामिल थे।