जनपद की चार विधान सभा क्षेत्रों की नुमाइंदगी कौन करेगा इसका फैसला 11 मार्च को होने मंडी परिसर में होने वाली मतगणना में हो जाएगा। सुबह आठ बजे मतगणना प्रारंभ होगी और नौ बजे तक रुझान आने शुरू हो जाएंगे। सबसे पहले सकलडीहा विधान सभा का परिणाम आएगा। यहां 23 चक्र में मतगणना समाप्त हो जाएगा। वहीं ईवीएम की सुरक्षा में शुक्रवार को सुरक्षा बल के जवान मुस्तैद रहे।
प्रेक्षकों और माइक्रो आब्जर्वर की निगरानी में कुल साठ टेबलों पर मतों की गिनती कराई जाएगी। यही नहीं उम्मीदवार और उनके द्वारा नियुक्त किए गए एजेंटों के साथ पासधारी ही परिसर में प्रवेश कर पाएंगे। यही नहीं मतगणना परिसर में मोबाइल पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। सबसे पहले पोस्टल बैलटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम में पड़े मतों की गिनती होगी। एक ईवीएम की गिनती में अधिकतम दस मिनट का समय लगेगा।
सकलडीहा विस में वोटों की गिनती 23 चक्रों में, सैयदराजा 24, मुगलसराय 27 और चकिया विधान सभा क्षेत्र की गिनती 28 चक्रों में होगी। मंडी परिसर में बने नीलामी चबूतरों पर बैरिकेडिंग कर उसे चार भागों में बांट दिया गया है। जहां सभी विधानसभाओं के मतों की गिनती अलग-अलग पंडालों में होगी। गिनती के लिए बनाए गए पंडालों में 14-14 टेबल लगाए गए हैं। इसकी निगरानी के लिए रिटर्निंग अफसरों के लिए एक-एक टेबल भी लगेंगे।
मतगणना में माइक्रो आब्जर्वर संग सुपरवाइजर, मतगणना सहायक लगाए गए हैं। मतगणना पंडाल के हर टेबल पर उम्मीदवार का अपना एजेंट होगा। अधिकारियों की माने तो जिस टेबल के लिए पास जारी होगी एजेंट उसी टेबल पर रह सकता है अन्यथा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। विस पंडाल में मीडिया सेंटर और अस्थाई रूप से स्थापित कार्यालय में कंप्यूटर, इंटरनेट की व्यवस्था कर दी गई है। यही नही जिला प्रशासन ने प्रत्येक चक्र के परिणाम की व्यवस्था की गई है।