धानापुर। धानापुर विकास मंच की कस्बा स्थित शहीद स्मारक चौराहे पर आयोजित सभा में धानापुर को तहसील बनाने और नगवा चोचकपुर पुल निर्माण की आवाज बुलंद की। इस दौरान चेतावनी दी कि मांगे पूरी नहीं हुई तो क्षेत्रीय लोग आंदोलन करेंगे। सभा में विकास मंच के संयोजक गोविंद उपाध्याय ने कहा पिछले लोकसभा चुनाव में सांसद डाॅ. महेन्द्रनाथ पांडेय और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में नगवां चोचक पुल घाट पर स्थायी पुल का शिलान्यास और उद्घाटन करने का वादा किया था। इसको लेकर पत्राचार होता रहा। अब पांच वर्ष बीतने वाले हैं लेकिन अब जनप्रतिनिधि आचार संहिता के नाम पर तहसील और पुल निर्माण कार्य शुरू करने से कन्नी काट रहे हैं। कहा कि 25 दिसंबर को महामना मदनमोहन मालवीय और पं. अटल बिहारी वाजपेई को याद करते हुए शहीद स्मारक पर उपवास किया जाएगा। वहीं 14 जनवरी को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर विरेन्द्र प्रताप सिंह, नंदकुमार पांडेय, रमाशंकर सिंह, नियामुल खां, बालेश्वर सिंह, मुन्ना यादव, विपिन रस्तोगी, रहे। अध्यक्षता चंद्रबली मौर्य ने और संचालन शैलेश चन्द्र यादव ने किया।